दीपावली एक ऐसा अनूठा उत्सव है, जिसकी छटा सर्वत्र देखने को मिलती है। ऐसा इसलिए होता है, क्योंकि यह हमारा सबसे बड़ा पर्व है। अब तो यह दुनिया भर में मनाया जाने लगा है, न केवल भारतवंशियों की ओर से, बल्कि विभिन्न देशों के लोगों की ओर से भी। एक तरह से दीप पर्व भारतीयता के प्रसार का सबसे प्रभावी प्रतीक बनकर उभरा है।
प्रकाश पर्व की महत्ता केवल इसलिए नहीं है कि इसे मनाने के लिए हर कोई अपनी सामथ्र्य भर व्यापक तैयारियां करता है, बल्कि इसलिए भी है कि यह सबमें आनंद और उल्लास भरता है। यह जीवन की एकरसता को तोड़ता है और हमें हमारी हजारों वर्ष परंपराओं से जोड़ते हुए यह संदेश देता है कि हम एक प्राचीन राष्ट्र हैं और हमें अपनी संस्कृति से जुड़े रहना है और उसे संभालकर भी रखना है।
दीपावली केवल प्रकाश का ही पर्व नहीं है, यह सुख, समृद्धि और वैभव की महत्ता को रेखांकित करने वाला भी एक बड़ा और अनूठा आयोजन है। इस अवसर पर हम अपने और अपनों के साथ दूसरों के भी कल्याण की कामना करते हैं, क्योंकि यही हमारी संस्कृति का मूल भाव है। इस भाव को बनाए रखना हम सबका साझा उत्तरदायित्व है। चारों ओर शुभ का प्रकाश फैले, सभी का कल्याण हो, हर तरह का अंधकार मिटे और सबके जीवन में खुशियां भर जाएं, यह केवल हमारी अभिलाषा ही नहीं होनी चाहिए, बल्कि इसके लिए हमें अपने-अपने स्तर पर प्रयत्न भी करने चाहिए। दीपावली यह अच्छे से बताती है कि मगंलकारी जीवन का एक आधार समृद्धि है। आइए हम सब कामना करें कि यह प्रकाश पर्व शुभ और समृद्धि का संदेश जन-जन तक पहुंचाए।

