नई दिल्ली | बिजनेस रेमेडीज
कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स और होम अप्लायंसेज सेक्टर की प्रमुख निर्माता कंपनी Arham Technologies Limited ने चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही के लिए अपने प्रमुख परिचालन और वित्तीय हाइलाइट्स जारी किए हैं। अपने फ्लैगशिप ब्रांड ‘Starshine’ के तहत काम कर रही कंपनी ने इस छमाही में असाधारण ग्रोथ हासिल की है। प्रबंधन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, वित्त वर्ष 2027 की पहली छमाही में कंपनी का राजस्व 80 करोड़ रुपए से अधिक रहने का अनुमान है, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि के 45.62 करोड़ रुपए के मुकाबले 80 फीसदी की शानदार सालाना वृद्धि को प्रदर्शित करता है।
कंपनी प्रोफाइल
उन्नत विनिर्माण और मजबूत बाजार उपस्थिति
सन 2013 में स्थापित Arham Technologies Limited मध्य भारत में स्मार्ट LED TV, सीलिंग फैन, एयर कूलर, वॉशिंग मशीन और मिक्सर ग्राइंडर की एक प्रतिष्ठित निर्माता और ओरिजिनल इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरर (OEM) है। कंपनी रायपुर (छत्तीसगढ़) के इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर में स्थित एक अत्याधुनिक उत्पादन इकाई का संचालन करती है। यह संयंत्र 1K स्टैंडर्ड क्लीन रूम और एडवांस टेस्टिंग प्रोटोकॉल से लैस है। कंपनी B2B (बिजनेस-टू-बिजनेस) और B2C (बिजनेस-टू-कंज्यूमर) दोनों वर्टिकल्स में ‘Starshine’ और ‘Aratron’ ब्रांड्स के माध्यम से अपनी बाजार हिस्सेदारी को लगातार बढ़ा रही है।
भावी योजनाएं
वर्टिकल इंटीग्रेशन और न्यू प्रोडक्ट पोर्टफोलियो
भविष्य के ग्रोथ इंजनों को गति देने के लिए कंपनी कई रणनीतिक परियोजनाओं पर काम कर रही है।
टेक-ड्रिवेन वर्टिकल (IFPD): कंपनी ने स्कूलों, कोचिंग संस्थानों और कॉर्पोरेट मीटिंग रूम्स को लक्षित करते हुए 65″, 75″ और 86″ साइज में इंटरएक्टिव फ्लैट पैनल डिस्प्ले (IFPD) सेगमेंट में प्रवेश किया है। इसके साथ ही, कंपनी भारत का पहला AI-इनेबल्ड व्हाइटबोर्ड सॉफ्टवेयर विकसित कर रही है, जो हार्डवेयर के साथ मिलकर ग्राहकों को ऑटोमेटेड टेस्ट और AI-असिस्टेड एक्सप्लेनेशन जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं देगा।
बैकवर्ड इंटीग्रेशन (मार्जिन में सुधार): कंपनी की आगामी प्लास्टिक इंजेक्शन मोल्डिंग और शीट मेटल यूनिट का काम ट्रैक पर है। इस इन-हाउस यूनिट से कंपनी को उत्पादन, गुणवत्ता और लागत पर बेहतर नियंत्रण मिलेगा।
इन-हाउस डिजाइनिंग: ऊर्जा-कुशल उपकरणों की बढ़ती मांग के बीच कंपनी ने पूरी तरह से इन-हाउस डिजाइन किया हुआ नया BLDC फैन मॉडल तैयार किया है, जिसका कमर्शियल प्रोडक्शन वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में शुरू होने वाला है। निष्कर्ष स्वरूप कहा जा सकता है कि कंपनी का ध्यान अब दूसरी छमाही में इन सभी नए निवेशों और पहलों को बड़े पैमाने पर व्यावसायिक सफलता में तब्दील करने पर है, ताकि शेयरधारकों और दीर्घकालिक विकास के लिए एक मजबूत नींव रखी जा सके।
नेटवर्क विस्तार और ब्रांडिंग रणनीति
डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क का विस्तार और आक्रामक ब्रांडिंग रणनीति
प्रबंधन के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली छमाही मुख्य रूप से कंपनी के डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क को मजबूत करने और ब्रांड विजिबिलिटी बढ़ाने पर केंद्रित रही। कंपनी रणनीति के तहत नेटवर्क विस्तार कर रही है। कंपनी ने समीक्षाधीन अवधि में 12 नए डिस्ट्रीब्यूटर्स को अपने नेटवर्क में शामिल किया है। दिल्ली में आयोजित ‘Fan Expo’ में भागीदारी के दौरान कंपनी ने 50 से अधिक सीरियस बिजनेस लीड्स हासिल किए हैं, जो आगामी समर सीजन (गर्मियों के मौसम) में फैन और कूलिंग सेगमेंट की मजबूत मांग को भुनाने में मदद करेंगे। बाजार में कंज्यूमर-फेसिंग ब्रांड प्रेजेंस को बढ़ाने के लिए कंपनी वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में बॉलीवुड अभिनेता विक्की कौशल के साथ एक बड़ा विज्ञापन अभियान शुरू करने जा रही है, जो ब्रांड की पहुंच को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।
कंपनी का विजन
कंपनी आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ते हुए, अतिरिक्त उत्पाद लॉन्च करने और अपनी पूरी रेंज में विनिर्माण की संभावनाओं का पता लगाने के विजन पर काम कर रही है। उपभोक्ता विद्युत और घरेलू उपकरण क्षेत्र में क्षैतिज विस्तार की पर्याप्त संभावनाएं हैं और कंपनी उन्हीं वितरण चैनलों का लाभ उठा रही है जिनमें कंपनी वर्तमान में काम कर रही है। हालांकि अभी तक कंपनी ने उपलब्ध बाजार हिस्सेदारी का केवल एक अंश ही हासिल किया है और कंपनी को निकट भविष्य में एक महत्वपूर्ण हिस्सा हासिल करने का विश्वास है।
कंपनी के प्रवर्तकों का अनुभव
कंपनी प्रवर्तक 59 वर्षीय रौशन जैन प्रबंध निदेशक है और उन्हें 37 वर्षों का कारोबारी अनुभव है। वर्ष 1988 में उन्होंने उड़ीसा के एक गांव में रेडियो, टेप रिकॉर्डर और टेलिविजन की छोटी सी दुकान से कारोबारी शुरुआत की थी। वर्ष 1992 में रायपुर में शिफ्ट होने के बाद उन्होंने समान उत्पादों की होलसेल ट्रेडिंग शुरू की और डीलर-डिस्ट्रीब्यूटरशिप नेटवर्क स्थापित किया। उन्होंने लेखांकन, त्वरित निर्णय लेना और संभावित व्यापार विक्रेताओं व ग्राहकों के साथ संबंधों को विकसित करने जैसे कौशल से कारोबारी को नये आयाम दिये। उन्हें विभिन्न विक्रेताओं के साथ काम करने का व्यापक अनुभव है और उन्होंने व्यवसाय के सभी उतार-चढ़ाव का सामना किया है जो व्यवसाय को सफलतापूर्वक चलाने के लिए आवश्यक है।
कंपनी प्रवर्तक 36 वर्षीय अंकित जैन कंपनी के कार्यकारी निदेशक व CFO हैं। उन्हें 13 वर्षों का कारोबारी अनुभव है। उन्होंने इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रॉनिक्स में बैचलर डिग्री हासिल की और IIT, दिल्ली से इंटरप्रेन्योरशिप विषय में डिप्लोमा किया है। उन्होंने अपनी तकनीकी शिक्षा की बदौलत कंपनी के कार्य में आधुनिक यंत्र एवं प्रौद्योगिकी माध्यम से बिजनेस को मॉडर्न बनाया एवं उत्पादों की गुणवत्ता में वांछित सुधार किए। उन्होंने नये उत्पाद विकसित करके कंपनी के प्रोडक्ट पोर्टफोलियो को अच्छे स्तर पर आगे बढ़ाया।
32 वर्षीय कंपनी प्रवर्तक अनेकांत जैन कंपनी के कार्यकारी निदेशक एवं CEO भी हैं। उन्हें 9 वर्षों का कारोबारी अनुभव है। उन्होंने कंप्यूटर साइंस विषय में बैचलर ऑफ इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की है। इसके साथ ही उन्होंने XLRI से इंटरप्रेन्योरशिप में सर्टिफिकेट कोर्स किया है। उनकी संचालन प्रबंधन में महत्वपूर्ण विशेषज्ञता होने के कारण कंपनी ने कई मैनुअल प्रक्रिया को स्वचालित करके अपनी दक्षता में सुधार किया है। उन्होंने नई तकनीक को लागू करने और ग्राहक आधार में वृद्धि करने में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने टूल्स एवं तकनीकी विशेषज्ञता के अनुभव से कंपनी की उत्पादन क्षमता बढ़ाई है।
नोट: यह लेख निवेश सलाह नहीं है।

