बिजनेस रेमेडीज/गुरुग्राम। भारत की अग्रणी वैश्विक एयरलाइन, एयर इंडिया ने एक नई सहायक सेवा, ‘फ्लाई प्रायर’ शुरू की है, ताकि भारत में उड़ान भरने वाले अपने मेहमानों को यात्रा योजनाओं (ट्रेवल प्लान) में अधिक लचीलापन प्रदान किया जा सके।
‘फ्लाई प्रायर’ के साथ, एयर इंडिया के यात्रियों के पास अब अपनी मूल रूप से बुक की गई उड़ान से 12 घंटे पहले प्रस्थान करने वाली वैकल्पिक उड़ान लेने का विकल्प है, बशर्ते दोनों उड़ानों की प्रस्थान तिथि एक ही हो। इससे यात्रियों को चाहे कहीं किसी जरूरी काम से जल्दी पहुंचना हो या फिर केवल अपने गंतव्य पर पहले पहुंचना हो, वे अपनी ज़रूरतों के अनुसार अपनी यात्रा योजनाओं में अंतिम समय में संशोधन कर सकते हैं। ‘फ्लाई प्रायर’ सेवा का अतिरिक्त लचीलापन इस पर निर्भर करेगा कि उसी केबिन क्लास में सीट उपलब्ध है या नहीं, जिसमें मूल रूप से बुकिंग की गई है। देश भर के हवाई अड्डों पर एयर इंडिया के टिकट काउंटर और चेक-इन डेस्क पर विशेष रूप से उपलब्ध यह सेवा, एयर इंडिया के फ्लाइंग रिटर्न लॉयल्टी प्रोग्राम के गोल्ड और प्लेटिनम सदस्यों के लिए नि:शुल्क है। अन्य सभी यात्री उचित अतिरिक्त शुल्क पर आसानी से सेवा खरीद सकते हैं।
इस सेवा का विकल्प चुनने पर, एयर इंडिया के अतिथियों की पहले प्रस्थान करने वाली उड़ान के लिए संशोधित बुकिंग तुरंत कन्फर्म होगी और उनका चेक किया गया सामान (यदि कोई हो तो) तुरंत स्वीकार कर लिया जाएगा। किसी बुकिंग में पहले से ली गई कोई भी अन्य सहायक सेवाएं जैसे अतिरिक्त सामान, प्रायोरिटी हैंडलिंग, अपग्रेड इत्यादि, सीट चयन और विशेष भोजन अनुरोधों को छोडक़र, पहले प्रस्थान करने वाली उड़ान में स्थानांतरित कर दी जाएंगी। ‘फ्लाई प्रायर’ सेवा शुल्क उड़ान मार्गों के आधार पर तय किया गया है: अहमदाबाद, बेंगलुरु, चेन्नई, दिल्ली, हैदराबाद, कोलकाता, मुंबई और पुणे जैसे प्रमुख शहरों के बीच उड़ानों के लिए 2,199 रुपये। भारत के भीतर किसी अन्य गंतव्य के लिए या वहां से उड़ान के लिए 1,499 रुपये। ‘फ्लाई प्रायर’ का शुभारंभ एयर इंडिया द्वारा सभी टचपॉइंट्स पर निर्बाध यात्रा का अनुभव प्रदान करने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाने की दिशा में एक और कदम है।

