Saturday, July 11, 2026 |
Home Editorialअच्छी बारिश के संकेत से शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बिक्री बढऩे की उम्मीद

अच्छी बारिश के संकेत से शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बिक्री बढऩे की उम्मीद

by Business Remedies
0 comments

देशभर में भीषण गर्मी से इनदिनों लोगों का हाल बेहाल है। इस बीच मौसम विभाग ने बारिश को लेकर अच्छे संकेत दिए हैं। मौसम विभाग ने इस बार मानसून में सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना जताई है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने अल नीनो की स्थिति बनने से भी इन्कार कर दिया है। ऐसे में यह अनुमान लगाया जा रहा है कि इस बार देश में मानसून के दौरान अच्छी बारिश होगी। ऐसे में देश के शहरी एवं ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में बिक्री बढऩे की उम्मीद है। इस वर्ष मानसून के दौरान देश में ऐतिहासिक औसत 79 सेंटीमीटर से 5 फीसदी अधिक वर्षा होने का अनुमान जताया जा रहा है। जहां शहरी मांग में सुधार पहले ही दिखने लगा है और सामान्य से अधिक बारिश का अनुमान ग्रामीण मांग के लिए अच्छी खबर है। एक ओर मौसम विभाग ने जलवायु परिवर्तन को लेकर भी चिंता जताई है, जिसके तहत बारिश के दिनों की संख्या घट रही है। जबकि भारी बारिश की घटनाएं बढ़ रही हैं। भारत में चार महीने (जून से सितंबर) के मानसून के मौसम में सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है। इस बार मानसून के दौरान सामान्य से अधिक बारिश का पूर्वानुमान देश के लिए एक बड़ी राहत है। भारत में खेती का बड़ा हिस्सा मानसूनी वर्षा पर ही निर्भर है। यानी खेती-किसानी को एक अच्छे मानसून की हर साल जरूरत पड़ती है। वहीं देश की लगभग दो-तिहाई आबादी का जीवनयापन खेती से ही चलता है। यानी मानसून अब भी एक खुशहाल वर्ष के लिए निर्णायक कारक बना हुआ है। अतीत के अनुभवों से यह बात साबित होती रही है कि एक खराब मानसून लोगों को अकाल जैसी परिस्थितियों में रहने के लिए विवश कर सकता है। यह हमारे अन्न भंडार से लेकर उद्योग-धंधों तक को चौपट कर सकता है। शायद इसीलिए गांव से लेकर संसद तक और नुक्कड़ की दुकान से लेकर पांच सितारा होटल तक मानसून के आगमन और विदाई दोनों हमेशा चिंता और चर्चा का विषय बने रहते हैं।



You may also like

Leave a Comment