बिजऩेस रेमेडीज/नई दिल्ली/आईएएनएस 2024 की दूसरी छमाही में यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (यूपीआई) ट्रांजैक्शन में सालाना आधार पर 42 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जो बढक़र कुल 93.23 बिलियन लेनदेन तक पहुंच गई। यह जानकारी बुधवार को आई एक नई रिपोर्ट में दी गई।
फाइनेंशियल सर्विस प्रोवाइडर, वल्र्डलाइन की एक रिपोर्ट के अनुसार, भारत के डिजिटल पेमेंट इकोसिस्टम में तेजी से विकास जारी है, इसी के साथ पिछले साल की दूसरी छमाही में मील के पत्थर हासिल किए गए। यूपीआई ट्रांजैक्शन के कुल मूल्य में भी शानदार वृद्धि देखी गई, जो 31 प्रतिशत बढक़र 130.19 ट्रिलियन रुपये हो गई। मोबाइल पेमेंट में भी बड़ी वृद्धि देखी गई है, इसी अवधि में मोबाइल ट्रांजैक्शन की संख्या 88.54 बिलियन तक पहुंच गई, जो कि 41 प्रतिशत की सालाना वृद्धि को दर्शाता है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि यह उछाल ग्राहकों में मोबाइल-फर्स्ट फाइनेंशियल सॉल्यूशन को लेकर बढ़ती प्राथमिकता को दर्शाता है, जो मोबाइल वॉलेट और ऐप्स की सहज सुविधा और पहुंच की वजह से संभव हो पाया। इस वृद्धि का अहम कारक यूपीआई क्यूआर कोड को अपनाने को लेकर विस्तार रहा, जिसमें 126 प्रतिशत का जबरदस्त उछाल देखा गया। यह देश भर में अब 633.44 मिलियन क्यूआर कोड तक पहुंच गया है। इस विकास ने व्यापारियों के लिए डिजिटल भुगतान को मजबूत किया है, जिससे अधिक छोटे व्यवसाय और स्थानीय दुकानें कैशलेस ट्रांजैक्शन को अपनाने में सक्षम हुई हैं। वल्र्डलाइन इंडिया के सीईओ रमेश नरसिम्हन ने कहा, कि भारत का डिजिटल पेमेंट इकोसिस्टम अभूतपूर्व गति से विकसित हो रहा है, यह विकास यूपीआई के व्यापक रूप से अपनाए जाने, पॉइंट ऑफ सेल (पीओएस) इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार और मोबाइल ट्रांजैक्शन के लिए बढ़ती प्राथमिकता की वजह से हो रहा है।
पीओएस टर्मिनलों को लेकर भी निरंतर वृद्धि रिकॉर्ड की गई है, जो अब 10 मिलियन का आंकड़ा पार कर चुका है। पिछले वर्ष की तुलना में पीओएस टर्मिनलों को स्थापित करने को लेकर 23 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। रिपोर्ट में सॉफ्टपीओएस (सॉफ्टवेयर पॉइंट ऑफ सेल) टेक्नोलॉजी के उदय पर भी जोर दिया गया है, जो मर्चेंट को उनके स्मार्टफोन को सुरक्षित संपर्क रहित पेमेंट टर्मिनल के रूप में इस्तेमाल करने की अनुमति देता है। यह टेक्नोलॉजी मर्चेंट पेमेंट को नया रूप दे रही है, खासकर छोटे व्यवसायों के लिए क्योंकि यह महंगे पारंपरिक पीओएस हार्डवेयर की आवश्यकता को खत्म कर देती है। एमपीओसी (मोबाइल पेमेंट ऑन कॉन्टैक्टलेस) सुरक्षा मानकों के कार्यान्वयन से यह सुनिश्चित होता है कि ये ट्रांजैक्शन सुरक्षित हैं, जिसमें ऊंची कीमत वाली पेमेंट भी शामिल हैं।

