Sunday, July 12, 2026 |
Home Breaking Newsदेश का विदेशी मुद्रा भंडार 3.23 अरब डॉलर घटकर 654.86 अरब डॉलर रहा

देश का विदेशी मुद्रा भंडार 3.23 अरब डॉलर घटकर 654.86 अरब डॉलर रहा

by Business Remedies
0 comments

बिजनेस रेमेडीज/मुंबई। देश का विदेशी मुद्रा भंडार छह दिसंबर को समाप्त सप्ताह में 3.23 अरब डॉलर घटकर 654.86 अरब डॉलर रहा। भारतीय रिजर्व बैंक ने यह जानकारी दी। इससे पिछले सप्ताह में, देश का विदेशी मुद्रा भंडार 1.51 अरब डॉलर की बढ़त के साथ 658.09 अरब डॉलर हो गया था। सितंबर के अंत में विदेशी मुद्रा भंडार 704.88 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंच गया था। रिजर्व बैंक के जारी आंकड़ों के अनुसार, छह दिसंबर को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार का अहम हिस्सा मानी जाने वाली विदेशी मुद्रा आस्तियां 3.23 अरब डॉलर घटकर 565.62 अरब डॉलर रही। डॉलर के संदर्भ में उल्लेखित विदेशी मुद्रा आस्तियों में विदेशी मुद्रा भंडार में रखे गए यूरो, पाउंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी मुद्राओं की घट-बढ़ का प्रभाव शामिल होता है। समीक्षाधीन सप्ताह में स्वर्ण भंडार का मूल्य 4.3 करोड़ डॉलर घटकर 66.93 अरब डॉलर रहा। विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 2.5 करोड़ डॉलर बढक़र 18.03 अरब डॉलर रहा। रिजर्व बैंक के आंकड़ों के अनुसार, आलोच्य सप्ताह में अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के पास भारत का आरक्षित भंडार 1.2 करोड़ डॉलर बढक़र 4.27 अरब डॉलर रहा।



You may also like

Leave a Comment