बिजनेस रेमेडीज/जयपुर। गुजरात के अहमदाबाद आधारित ‘Ganesh Green Bharat Limited’ देश की प्रमुख सोलर पीवी मॉड्यूल मैन्यूफैक्चरिंग एवं इलेक्ट्रिक कॉन्ट्रैक्टिंग, सोलर सर्विस एंड वॉटर सप्लाई करने वाली कंपनी है। कंपनी को निरंतर रूप से अच्छे ऑर्डर हासिल हो रहे हैं। वर्तमान में कंपनी की कुल ऑर्डरबुक संभावित 300 करोड़ रुपए है। इससे कंपनी का शेयर निवेशकों के फोकस में आ गया है। आज के लेख में हम कंपनी की कारोबारी गतिविधियां, कारोबारी विस्तार, वित्तीय प्रदर्शन, प्रवर्तक अनुभव और लिस्टिंग के मायने जैसे विषयों पर प्रकाश डालने का प्रयास करेंगे।
यह करती है कंपनी
अप्रैल 2016 में गुजरात के अहमदाबाद स्थापित, ‘Ganesh Green Bharat Limited’ सोलर पीवी मॉड्यूल मैन्यूफैक्चरिंग एवं इलेक्ट्रिक कॉन्ट्रैक्टिंग, सोलर सर्विस एंड वॉटर सप्लाई करने वाली कंपनी है। कंपनी विभिन्न सरकारी एवं अर्ध सरकारी पी.एस.यू को सौर एवं विद्युत वस्तुओं व सेवाओं की आपूर्ति, स्थापना, परीक्षण और कमीशनिंग (एसआईटीसी), सोलर मॉड्यूल सप्लाई सहित कई प्रकार की सेवाएं प्रदान करती है। कंपनी को सोलर पैनल निर्माता और इस क्षेत्र में ईपीसी सेवाएं देने वाली प्रमुख कंपनी के रूप पहचान मिली है। कंपनी ने सौभाग्य योजना, कुसुम योजना और सौर सुजला योजना जैसी विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत परियोजनाएं पूरी की हैं। इसके अतिरिक्त कंपनी ने मुख्यमंत्री निश्चय गुणवत्ता प्रभावित योजना और हर घर जल (जल जीवन मिशन) जैसी जल आपूर्ति परियोजनाओं के डिजाइन, निर्माण, स्थापना, संचालन और रखरखाव में कदम रखा है। 31 मार्च 2024 तक, कंपनी की ऑर्डर बुक में सोलर सिस्टम एवं संबद्ध सेवाओं के लिए 10 कार्य आदेश, विद्युत संविदा सेवाओं के लिए 7 कार्य आदेश और जल आपूर्ति योजना परियोजनाओं के लिए 1 कार्य आदेश शामिल हैं। उद्योग और सरकारी मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए कंपनी के पास तीसरे पक्ष के सलाहकारों और उद्योग विशेषज्ञों द्वारा समर्थित 10 इंजीनियरों की एक टीम है। कंपनी के ग्राहकों में आठ राज्यों के सरकारी विभाग शामिल हैं, जैसे गुजरात औद्योगिक विकास निगम (जीआईडीसी), अहमदाबाद नगर निगम (एएमसी), राजस्थान नवीकरणीय ऊर्जा निगम लिमिटेड (आरआरईसीएल) और कई अन्य। कंपनी निजी क्षेत्र के संगठनों को सोलर पीवी मॉड्यूल भी बेचती है। कंपनी ने अभी तक 220 करोड रुपए मूल्य के 27 से अधिक परियोजनाओं का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। कंपनी ने अभी तक 2.5 लाख से अधिक सोलर माड्यूल प्रोडक्ट आपूर्ति किए हैं और 1 लाख से अधिक सिस्टम्स इंस्टॉल किए हैं। वहीं कंपनी ने 50000 से अधिक वॉटर कनेक्शन इंस्टॉल किए हैं। कंपनी की उपस्थिति 14 से अधिक राज्यों में है। कंपनी की टीम में 39 दक्ष इंजीनियर हैं। कंपनी बीआईएस पंजीकृत है और कंपनी के पास आईएसओ 9001:2015 और आईएसओ 14001:2015 सर्टिफिकेट है। देश की प्रमुख सरकारी कंपनियां कंपनी के ग्राहक पोर्टफोलियो में शामिल हैं।
कारोबारी विस्तार
कंपनी को मुंबई सेंट्रल डिवीजन-इलेक्ट्रिकल, पश्चिम रेलवे से 853 केडब्ल्यूपी (ऑन ग्रिड) और 145 केडब्ल्यूपी (हाइब्रिड) के लिए ग्रिड और विभिन्न मुंबई सेंट्रल डिवीजन में हाइब्रिड रूफ टॉप सोलर पीवी बिजली आपूर्ति प्रणाली से जुड़े ग्रिड के डिजाइन, आपूर्ति, निर्माण, परीक्षण और कमीशनिंग के लिए और 14500 प्रति यूनिट नाममात्र वोल्टेज 12 वी डीसी की बैटरियों की आपूर्ति, निर्माण, परीक्षण और कमीशनिंग के लिए 5,01,21,147.84/- (पांच करोड़ एक लाख इक्कीस हजार एक सौ सैंतालीस रुपये और चौरासी पैसे मात्र) रुपए का ऑर्डर मिला है। कंपनी को हेक्साट्रॉन इंडस्ट्रीज लिमिटेड से 7.2 मेगावाट के लिए 7.2 मेगावाट क्षमता के मोनो क्रिस्टलीय मॉड्यूल की आपूर्ति के लिए 8.99 करोड़ रुपए का ऑर्डर मिला है।सोलर पार्क स्थान तांडलिया और लाठीदाद, गुजरात में स्थित है। कंपनी को उदयपुर के पीएचईडी क्षेत्र विभिन्न गांवों/कस्बों में अतिरिक्त मुख्य अभियंता से 70 इकाइयों के लिए सौर ऊर्जा आधारित बोरवेल जल पंपिंग सिस्टम के डिजाइन, प्रदान, स्थापना और कमीशनिंग के लिए सभी कर्तव्यों और करों सहित 4,47,93,000 (चार करोड़ सैंतालीस लाख तिरानवे हजार रुपये) का कार्य आदेश प्राप्त हुआ है। 31 मार्च 2024 तक चालू परियोजनाओं के लिए कंपनी की कुल ऑर्डर बुक 31397.57 लाख रुपए थी और अब चालू परियोजनाओं के लिए कुल ऑर्डर बुक 33245.847 लाख रुपए (31.08.2024) हो गई है।
लिस्टिंग के मायने
जुलाई 2024 में कंपनी का आईपीओ से एनएसई इमर्ज प्लेटफार्म पर आया था। तब कंपनी ने 190 रुपए प्रति शेयर के भाव पर 6,591,000 शेयर जारी कर 125.23 करोड़ रुपए जुटाए थे। कंपनी के आईपीओ को निवेशकों की ओर से शानदार समर्थन हासिल हुआ था और कंपनी के आईपीओ को कुल 230 गुना अभिदान हासिल हुआ था। वर्तमान में कंपनी के शेयर का भाव करीब 430 रुपए प्रति शेयर चल रहा है। कंपनी की शानदार ऑर्डर बुक, क्षमता 3 गुना होकर 750 मेगावाट होने और कंपनी द्वारा बी2सी सेगमेंट में प्रवेश से कंपनी के लिए बेहतर कारोबारी संभावनाएं उभर रही है।
कंपनी का वित्तीय प्रदर्शन
वित्त वर्ष 2021 में कंपनी ने 83.3 करोड़ रुपये का राजस्व एवं 7.2 करोड़ रुपये का कर पश्चात शुद्ध लाभ, वित्त वर्ष 2022 में कंपनी ने 105.5 करोड़ रुपये का राजस्व एवं 5.2 करोड़ रुपये का कर पश्चात शुद्ध लाभ और वित्त वर्ष 2023 में कंपनी ने 90.2 करोड़ रुपए का राजस्व एवं 8.2 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ अर्जित किया है। एक बार फिर कंपनी ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए वित्त वर्ष 2024 में 170.2 करोड़ रुपए का राजस्व एवं 19.9 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ अर्जित किया है। वित्त वर्ष 2024 में कंपनी का कर पश्चात शुद्ध लाभ मार्जिन करीब 12 फीसदी दर्ज किया गया है। वित्त वर्ष 2024 में कंपनी के आय में प्रमुख हिस्सा सोलर पीवी माड्यूल निर्माण एवं बिक्री से आया है।
कंपनी के प्रवर्तकों का अनुभव
48 वर्षीय केतनभाई नरसिंहभाई पटेल उम्र वर्ष कंपनी के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक और प्रमोटर हैं। उन्होंने वर्ष 1996 में गुजरात माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, गांधीनगर से उच्चतर माध्यमिक प्रमाणपत्र पूरा किया है और उनके पास सरकारी संपर्क और व्यवसाय विकास में 25 वर्षों का समग्र अनुभव है। उन्होंने कंपनी की ग्रोथ में अहम भूमिका निभाई है । वर्तमान में, वे कंपनी में सरकारी अधिकारियों के साथ संपर्क, व्यवसाय विकास और परियोजना निष्पादन जैसे कार्यों को देखते हैं।
51 वर्षीय राजेंद्रकुमार नरसिंहभाई पटेल कंपनी के पूर्णकालिक निदेशक और प्रमोटर हैं। वे निगमन के बाद से ही कंपनी से जुड़े हुए हैं। उन्होंने वर्ष 2000 में गुजरात माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, गांधीनगर से उच्चतर माध्यमिक प्रमाणपत्र पूरा किया है। उनके पास प्रोजेक्ट मैनेजमेंट के क्षेत्र में 24 वर्षों का अनुभव है। वे कंपनी के लिए सभी खरीद और रखरखाव गतिविधियों का ध्यान रखते हैं और कंपनी में समग्र निष्पादन की देखभाल करते हैं साथ ही फैक्टरी मैनेजमेंट का सम्पूर्ण कार्यभार संभालते है।
34 वर्षीय नीरवकुमार सुरेशभाई पटेल कंपनी के पूर्णकालिक निदेशक और प्रमोटर हैं। वे निगमन के बाद से निदेशक मंडल में हैं। उन्होंने साल 2010 में गुजरात यूनिवर्सिटी से बैचलर ऑफ कॉमर्स की पढ़ाई पूरी की है। उनके पास वित्त और मानव संसाधन प्रबंधन के क्षेत्र में 11 वर्षों का कार्य अनुभव है। वर्तमान में, वे कंपनी में परियोजना निष्पादन, वित्त और अनुपालन की देखभाल के साथ सोलर पीवी मॉड्यूल की प्रोडक् शन का कार्यभारत संभालते है।
कंपनी की भावी योजना
ब्राउनफील्ड विस्तार -कंपनी विनिर्माण क्षमता को तीन गुना बढ़ाकर 750 मेगावाट करने की योजना पर कार्य कर रही है। मेहसाणा, गुजरात में मौजूदा संयंत्र में 514 मेगावाट की वृद्धिशील क्षमता विकसित की जा रही है जिससे कुल क्षमता 750 मेगावाट हो जाएगी। फुली ऑटोमैटिक लेटेस्ट टेक्नॉलोजी के साथ टोपकोन एचजेटी सपोर्टेड प्लांट संभावित समापन क्षमता विस्तार 2024 के अंत तक पूरा हो जायेगा। परियोजना के इस विस्तार के लिए कुल निवेश 190 मिलियन रुपये है, जिसे आंतरिक संचय, आईपीओ आय (इश्यू के उद्देश्य के अनुसार) और उधार के मिश्रण से वित्त पोषित किया जाएगा। यह क्षमता विस्तार कंपनी की उत्पादन क्षमताओं को बढ़ाएगा, जिससे उच्च मांग को पूरा करने के लिए उत्पादन में वृद्धि होगी। साथ ही यह अर्थव्यवस्थाओं में प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त और लाभप्रदता में सुधार के माध्यम से उत्पादन लागत को भी कम करेगा। कंपनी घरेलू, आवासीय, वाणिज्यिक और औद्योगिक क्षेत्रों में बी2सी (बिजनेस टू कंज्यूमर) बाजारों में अपने कारोबार का विस्तार करने के लिए तैयार है। कंपनी ने रेडियो मिर्ची एफएम पर एक विज्ञापन अभियान शुरू किया है। विज्ञापन गुजराती, मराठी, मारवाड़ी और हिंदी में क्रमश: गुजरात, महाराष्ट्र, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में प्रसारित किए गए हैं।
नोट: कंपनी के शेयर में निवेश करने से पूर्व निवेशकों को पंजीकृत निवेश सलाहकारों से सलाह लेनी चाहिए और यह लेख निवेश सलाह नहीं है।

