109

जयपुर। अहमदाबाद आधारित फार्मास्युटिकल क्षेत्र की तेजी से उभरती कंपनी एक्रिशन फार्मास्युटिकल्स लिमिटेड ने 30 सितंबर, 2026 को समाप्त हुई चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही के शानदार वित्तीय परिणाम घोषित किए हैं। वित्तीय रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी के परिचालन से राजस्व में सालाना आधार पर 25.85 फीसदी की मजबूत वृद्धि दर्ज की गई है। पिछले वर्ष की समान अवधि में कंपनी का राजस्व 4,373.62 लाख रुपये था, जो इस छमाही में बढ़कर 5,504.10 लाख रुपये (लगभग 55.04 करोड़ रुपए) पर पहुंच गया। इस अवधि के दौरान कंपनी की कुल राजस्व भी 4,384.67 लाख रुपये से बढ़कर 5,518.64 लाख रुपये रहा है।
कंपनी की लाभप्रदता में इस छमाही के दौरान बहुत ही असाधारण सुधार देखा गया है। कर-पूर्व लाभ वार्षिक आधार पर 69.17 फीसदी के उछाल के साथ 1,084.49 लाख रुपये दर्ज किया गया, जबकि पिछले वर्ष की समान छमाही में यह आंकड़ा 641.07 लाख रुपये था। इसी तरह, सभी प्रकार के कर समायोजनों के बाद कंपनी का शुद्ध लाभ पिछले वर्ष के 475.22 लाख रुपये के मुकाबले 72.58 फीसदी की शानदार वृद्धि के साथ 820.14 लाख रुपये पर पहुंच गया है। मुनाफे में आई इस जोरदार तेजी की बदौलत कंपनी की प्रति शेयर ईपीएस भी 4.61 रुपये से बढ़कर 7.38 रुपये हो गई है।
कंपनी प्रोफाइल : एक्रिशन फार्मास्युटिकल्स लिमिटेड मुख्य रूप से विभिन्न प्रकार की दवाओं, फार्मास्युटिकल उत्पादों और उससे जुड़े संबंधित रसायनों के अनुसंधान, विकास, निर्माण, व्यापार, आयात और निर्यात के व्यवसाय में सक्रिय है। अहमदाबाद (गुजरात) में अपने पंजीकृत और कॉर्पोरेट कार्यालय के साथ संचालित होने वाली यह कंपनी घरेलू तथा अंतरराष्ट्रीय बाजारों के लिए गुणवत्तापूर्ण जेनेरिक और फॉर्मूलेशन उत्पादों की एक विस्तृत श्रृंखला प्रदान करती है। कंपनी के शेयर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के इमर्ज प्लेटफॉर्म पर लिस्टेड हैं, जहां इसका आरंभिक सार्वजनिक प्रस्ताव (आईपीओ) 21 मई, 2025 को सफलतापूर्वक सूचीबद्ध हुआ था। पर्यावरण के अनुकूल विनिर्माण मानकों और गुणवत्ता नियंत्रण के प्रति प्रतिबद्धता के कारण कंपनी ने भारतीय फार्मा बाजार में अपनी एक मजबूत पहचान बनाई है।

