नई दिल्ली,
नीति आयोग ने देश में Real-Time Governance को सशक्त बनाने के उद्देश्य से Central Prabhari Officer (CPO) Portal लॉन्च किया है। यह Portal विशेष रूप से Aspirational Districts और Blocks Programme के तहत कार्यों की निगरानी, समन्वय और अंतिम स्तर तक सेवाओं की डिलीवरी को तेज करने के लिए विकसित किया गया है।
नीति आयोग द्वारा जारी बयान के अनुसार, इस Portal का मुख्य लक्ष्य विभिन्न हितधारकों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना है। यह डिजिटल प्लेटफॉर्म जमीनी स्तर से प्राप्त सूचनाओं को सीधे प्रशासनिक निर्णयों से जोड़ने का कार्य करेगा। नीति आयोग की मुख्य कार्यकारी अधिकारी निधि छिब्बर ने कहा कि CPO Portal एक पारदर्शी, विश्वसनीय और उत्तरदायी शासन प्रणाली की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि यह प्लेटफॉर्म अधिकारियों को फील्ड से प्राप्त जानकारी को तुरंत दर्ज करने और उसकी निगरानी करने की सुविधा देता है, जिससे नीतिगत निर्णय अधिक प्रभावी बनते हैं।
इस Portal के माध्यम से Central Prabhari Officers अपने निरीक्षण और सुझाव मोबाइल के जरिए सीधे अपलोड कर सकेंगे। जैसे ही यह जानकारी दर्ज होती है, संबंधित जिलों को तुरंत उपलब्ध हो जाती है, जिससे वे आवश्यक कार्रवाई कर सकें और अपनी प्रतिक्रिया भी दर्ज कर सकें। इस प्रक्रिया में राज्य के योजना सचिव विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर व्यापक दृष्टिकोण प्राप्त कर सकेंगे। साथ ही, नीति आयोग और संबंधित मंत्रालयों के अधिकारी भी इन सूचनाओं की निगरानी कर सकेंगे।
नीति आयोग के अतिरिक्त सचिव और Mission Director रोहित कुमार ने बताया कि Data आधारित शासन प्रणाली में CPOs की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यह Portal एक उन्नत डिजिटल प्रणाली है, जो Real-Time जानकारी संग्रह, संवाद को सरल बनाने और प्रशासनिक प्रतिक्रिया को तेज करने में सहायक है। यह Portal एकीकृत डिजिटल इंटरफेस के रूप में कार्य करता है, जो फील्ड से प्राप्त जानकारी और प्रशासनिक कार्रवाई के बीच की दूरी को कम करता है। इससे योजनाओं के क्रियान्वयन की दक्षता और जवाबदेही में उल्लेखनीय सुधार होने की संभावना है।

