बिजऩेस रेमेडीज/सुलतानपुर भारत के प्रमुख सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में से एक, Bank of Baroda ने 23 अगस्त 2025 को उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले के अमहट गाँव में एक मेगा कैंप का आयोजन किया। यह कैंप भारत सरकार के वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवाओं विभाग (DFS) द्वारा शुरू किए गए राष्ट्रव्यापी संतृप्ति अभियान) का हिस्सा था। यह अभियान, जो 1 जुलाई से 30 सितंबर 2025 तक चल रहा है, का उद्देश्य ग्राम पंचायत और नगरीय स्थानीय निकाय स्तर पर वित्तीय समावेशन और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के 100 प्रतिशत कवरेज को सुनिश्चित करना है। उत्तर प्रदेश में स्टेट लेवल बैंकर्स’ कमेटी के संयोजक के रूप में, बैंक ऑफ बड़ौदा ने इस कार्यक्रम के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर प्रमुख अतिथियों में एम. नागराजु, आईएएस-सचिव, वित्तीय सेवाएं विभाग, वित्त मंत्रालय; देबदत्ता चंद, प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, बैंक ऑफ बड़ौदा; अंकुर कौशिक, आईएएस, मुख्य विकास अधिकारी, सुलतानपुर; शैलेन्द्र कुमार सिंह, संयोजक, उत्तर प्रदेश स्टेट लेवल बैंकर्स’ कमेटी एवं ज़ोनल हेड, लखनऊ ज़ोन और मितलेश कुमार, महाप्रबंधक एवं ज़ोनल हेड, वाराणसी ज़ोन शामिल रहे। इस कार्यक्रम में 1,000 से अधिक स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।
अपने मुख्य भाषण में, एम. नागराजु, सचिव, डीएफएस ने प्रत्येक नागरिक तक बैंकिंग सेवाएँ पहुँचाने और वित्तीय समावेशन के महत्व पर बल दिया। उन्होंने बताया कि सरकार की वित्तीय समावेशन योजनाएँ समाज के उपेक्षित वर्गों को औपचारिक वित्तीय सेवाओं तक समान अवसर प्रदान करके उन्हें सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। सरकार प्रधानमंत्री जन धन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना जैसी प्रमुख योजनाओं को समाज के हर वर्ग तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आगे बताया कि यह संतृप्ति अभियान उनकी इस दृढ़ निष्ठा का प्रतीक है कि हर ग्राम पंचायत और नगरीय स्थानीय निकाय तक पहुँचा जाए और सभी पात्र नागरिक इन योजनाओं का लाभ उठा सकें। उन्होंने बीसी (बिजऩेस कॉरेस्पॉन्डेंट), स्वयं सहायता समूह सदस्यों और अन्य प्रतिभागियों से भी बातचीत की।
इस अवसर पर Bank of Barodaके एमडी एवं सीईओ देबदत्ता चंद ने कहा कि Bank of Baroda में, हमारा मानना है कि सच्चा वित्तीय समावेशन केवल खाते खोलने तक सीमित नहीं है—यह व्यक्तियों को वित्तीय प्रणाली में सक्रिय रूप से भाग लेने और सरकार समर्थित योजनाओं से लाभ उठाने में सक्षम बनाने के बारे में है। सुलतानपुर में आयोजित यह मेगा कैंप हमारे इस संकल्प को दर्शाता है कि हम विश्वास को मजबूत करेंगे और हर घर तक आवश्यक बैंकिंग सेवाएँ पहुँचाएँगे। यहाँ की ऊर्जा और समुदाय की भागीदारी बेहद उत्साहजनक है और हमें इस मिशन को और अधिक दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करती है। कार्यक्रम के अंतर्गत, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत दावों की चेक लाभार्थियों को सौंपे गए। प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के अंतर्गत बीमा प्रमाणपत्र तथा अटल पेंशन योजना में नए नामांकित लाभार्थियों को नामांकन पावती रसीदें वितरित की गई। पात्र पीएमजेडीवाई खातों का पुन:-केवाईसी भी किया गया। मुख्य अतिथि ने लगाए गए स्टॉल्स का भी निरीक्षण किया। इसके अलावा उत्कृष्ट कार्य के लिए बिजऩेस कॉरेस्पॉन्डेंट और बीसी सखियों को सम्मानित किया गया। उत्तर प्रदेश स्टेट लेवल बैंकर्स’ कमेटी के अंतर्गत कार्यरत सभी बैंकों के प्रतिनिधियों ने इस मेगा कैंप में सक्रिय रूप से भाग लिया। यह मेगा कैंप भारत सरकार की सार्वभौमिक वित्तीय पहुँच और व्यापक सामाजिक सुरक्षा कवरेज की दृष्टि को आगे बढ़ाने में बैंकिंग समुदाय की अटूट प्रतिबद्धता का उदाहरण है।

