Wednesday, July 15, 2026 |
Home Tech Worldभारत में पीसी की मांग बरकरार, जनवरी-जून में बाजार 5.7% बढ़ा

भारत में पीसी की मांग बरकरार, जनवरी-जून में बाजार 5.7% बढ़ा

by Business Remedies
0 comments

नई दिल्ली, 24 अगस्त (आईएएनएस)। भारत में उपभोक्ता सेगमेंट में पीसी (कंप्यूटर) की मांग ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों चैनलों पर मजबूत बनी रही। जनवरी-जून 2025 के दौरान भारतीय पीसी बाजार 5.7 प्रतिशत की साल-दर-साल वृद्धि दर्ज करते हुए 68 लाख यूनिट्स की शिपमेंट तक पहुंचा। यह जानकारी आईडीसी इंडिया और साउथ एशिया की ताजा रिपोर्ट में दी गई है।
आईडीसी के रिसर्च मैनेजर भरत शेनॉय ने बताया कि 2025 की पहली छमाही में पीसी मार्केट ने बेहतर प्रदर्शन किया, जिसमें इन्वेंट्री मैनेजमेंट और स्वतंत्रता दिवस व आगामी त्योहारों के सीजन के लिए नई सप्लाई पर फोकस रहा।

इसी बीच, अप्रैल-जून तिमाही में कमर्शियल पीसी सेगमेंट 9.5 प्रतिशत बढ़ा। इसमें एंटरप्राइज डिमांड ने अहम भूमिका निभाई, जो इस तिमाही में 21.2 प्रतिशत और जनवरी-जून की पहली छमाही में 26.4 प्रतिशत की तेजी के साथ उभरी। रिपोर्ट के अनुसार, ऑनलाइन चैनल (ई-टेल) ने भी 1.6 प्रतिशत (Q2 2025) और 11.7 प्रतिशत (H1 2025) की वृद्धि दर्ज की। बाजार हिस्सेदारी में एचपी (HP) 30.8 प्रतिशत (Q2) और 29.9 प्रतिशत (H1) हिस्सेदारी के साथ सबसे आगे रही। कमर्शियल सेगमेंट में एचपी की हिस्सेदारी 35 प्रतिशत रही, जिसमें आईटी/आईटीईएस सेक्टर की मजबूत मांग का योगदान रहा। लेनोवो (Lenovo) 20.3 प्रतिशत (Q2) और 19.6 प्रतिशत (H1) हिस्सेदारी के साथ दूसरे स्थान पर रही। उपभोक्ता सेगमेंट में लेनोवो ने 9.8 प्रतिशत की साल-दर-साल वृद्धि दर्ज की, जिसमें गेमिंग नोटबुक और ऑनलाइन डिमांड ने अहम भूमिका निभाई। रिपोर्ट के मुताबिक, एआई नोटबुक की मांग तेजी से बढ़ी है। पहली छमाही में इसकी शिपमेंट 145.2 प्रतिशत बढ़ी। इनमें बेसिक एआई नोटबुक्स की हिस्सेदारी 88.1 प्रतिशत रही।



You may also like

Leave a Comment