बिजनेस रेमेडीज/मुंबई(आईएएनएस)। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि भारत दुनिया का सबसे पसंदीदा उपभोक्ता बाजार और शीर्ष निवेश केंद्र बनने की ओर तेजी से अग्रसर है। उन्होंने कहा कि सरकार अगले 100 दिनों का एजेंडा ऑफ ट्रांसफॉर्मेशन लेकर चल रही है, जिससे भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ाया जाएगा।
गोयल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त को जो आह्वान किया था, उसके अनुरूप देश 2047 तक विकसित भारत के विजन को पूरा करेगा। इसके लिए ‘पंच प्रण’ (पांच संकल्प) को अपनाना होगा और हर नागरिक को अपना कर्तव्य समझते हुए देश को समृद्ध और विकसित बनाने में योगदान देना होगा। उन्होंने कहा कि 140 करोड़ भारतीय एक परिवार, एक टीम की तरह मिलकर काम करेंगे, औपनिवेशिक मानसिकता को त्यागेंगे और भारत की समृद्ध संस्कृति, परंपरा व एकता को आगे बढ़ाएंगे। गोयल ने जोर देकर कहा कि “दुनिया की कोई ताकत भारत को विकसित राष्ट्रीय बनने से नहीं रोक सकती।” मंत्री ने बताया कि भारत ने अब तक संयुक्त अरब अमीरात, मॉरीशस, ईएफटीए समूह (स्विट्जऱलैंड, नॉर्वे, लिकटेंस्टीन, आइसलैंड) और ब्रिटेन के साथ संतुलित और निष्पक्ष फ्री ट्रेड एग्रीमेंट किए हैं और अन्य देशों के साथ भी तेज़ी से बातचीत आगे बढ़ रही है। इन समझौतों से एमएसएमई, किसानों और पशुपालन क्षेत्र को लाभ हो रहा है, साथ ही डेयरी उद्योग के हितों की रक्षा करते हुए भारतीय उत्पादों व सेवाओं को वैश्विक बाजारों में नया अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र देश की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और भारत की विकास यात्रा में सबसे बड़ा योगदान देता है। इस दौर में सरकार प्रक्रियाओं को सरल बना रही है ताकि ईज ऑफ लिविंग और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में सुधार हो। इसके लिए नियम-कायदों का बोझ कम किया जा रहा है और उद्योगों को बेखौफ निवेश करने का माहौल दिया जा रहा है। गोयल ने कहा कि सरकार के साथ मिलकर मीडिया भी इस लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

