बिजनेस रेमेडीज/नई दिल्ली। नई दिल्ली आधारित ‘साचीरोम लिमिटेड’ एक रचनात्मक इकाई है जो फ्रेगरेंस एवं फ्लेवर्स के डिजाइन और निर्माण में विशेषज्ञता रखती है। कंपनी द्वारा 1459बी, सेक्टर-32, येडा, गौतम बुद्ध नगर, यूपी में एक नई विनिर्माण इकाई स्थापित करने और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों की पूर्ति हेतु एनएसई इमर्ज प्लेटफार्म पर आईपीओ लाया जा रहा है। बिजनेस रेमेडीज की टीम ने कंपनी के प्रोस्पेक्ट्स से कंपनी की कारोबारी गतिविधियों के संबंध में जानकारी हासिल की है।
कारोबारी गतिविधियां: जून 1992 में निगमित, ‘साचीरोम लिमिटेड’ कॉस्मेटिक फ्रेगरेंस, इंडस्ट्रियल फ्रेगरेंस, परफ्यूम्स, फूड एडिटिव्स और स्वाद बढ़ाने वाले एसेंस सहित विविध उत्पाद प्रदान करती है। कंपनी बीटूबी मॉडल के माध्यम से एफएमसीजी सेक्टर में काम करती है और कंपनी देश और दुनिया भर में अग्रणी फर्मों को सेवा प्रदान करती है। कंपनी के फ्रेगरेंस का उपयोग पसर्नल केयर, बॉडी केयर, हेयर केयर, फैब्रिक केयर, होम केयर, चाइल्ड केयर, फाइन फ्रेगरेंस, एयर केयर, पेट केयर, मैन्स गू्रमिंग व हाइजिन और वेलनेस उद्योगों में किया जाता है। कंपनी के फ्लेवर्स का उपयोग पेय पदार्थ, बेकरी, कन्फेक्शनरी, डेयरी उत्पाद, स्वास्थ्य और पोषण, ओरल केयर, सूखे स्वाद, सीज़निंग और अन्य में किया जाता है। कंपनी अपने उत्पादों को मध्य पूर्व (यूएई) और अफ्रीकी बाजारों में निर्यात करती है।
प्रवर्तकों का अनुभव
65 वर्षीय मनोज अरोड़ा कंपनी के अध्यक्ष, प्रबंध निदेशक और प्रमोटर हैं। उन्होंने दिल्ली के किरोड़ीमल कॉलेज से हायर सेकेंडरी और बीएससी की पढ़ाई पूरी की है। उन्हें फ्रेगरेंस उद्योग के क्षेत्र में 40 वर्षों का अनुभव है। उन्हें मियामी, यूएसए में आयोजित वल्र्ड परफ्यूमरी कांग्रेस 2022 के प्रतिष्ठित मंच पर वक्ता के रूप में आमंत्रित किया गया था। उन्होंने चेन्नई में आयोजित वल्र्ड अरोमा इंग्रीडिएंट्स कांग्रेस एंड एक्सपो 2024 में भी मंच संभाला। इसके अलावा, वे अगस्त, 2021 से “राधे मोहन ड्राइव कंट्री होम्स रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन” के अध्यक्ष के रूप में जुड़े हुए हैं। इसके साथ ही, वे दिसंबर, 2022 से “विश्व हिंदू परिषद” के केंद्रीय कोषाध्यक्ष के रूप में जुड़े हुए हैं और अगस्त, 2016 से वनवासी रक्षा परिवार फाउंडेशन के न्यासी बोर्ड के अध्यक्ष के रूप में कार्य करते हैं।
61 वर्षीय अलका अरोड़ा कंपनी की प्रमोटर और गैर-कार्यकारी निदेशक हैं। उन्होंने पंजाब विश्वविद्यालय से बी.कॉम की परीक्षा उत्तीर्ण की है। उन्हें इस फ्रेगरेंस एवं फ्लेवर्स उद्योग के क्षेत्र में 26 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे कंपनी के उत्पादन और रसद विभाग के संचालन में शामिल हैं।
36 वर्षीय धू्रव अरोड़ा कंपनी के पूर्णकालिक निदेशक हैं। उनके पास मैनचेस्टर विश्वविद्यालय से बिजनेस और मैनेजमेंट के साथ बैचलर ऑफ साइंस केमिस्ट्री की डिग्री और इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस से फैमिली बिजनेस के लिए मैनेजमेंट प्रोग्राम की डिग्री है। उन्हें फ्रेगरेंस एवं फ्लेवर्स इंडस्ट्री में 14 साल का अनुभव है। वे कंपनी के बिजनेस डेवलपमेंट में शामिल हैं।
वित्तीय प्रदर्शन: वित्त वर्ष 2023 में कंपनी ने 70.93 करोड़ रुपए का राजस्व एवं 5.99 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ, वित्त वर्ष 2024 में कंपनी ने 86.40 करोड़ रुपए का राजस्व और 10.67 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ और वित्त वर्ष 2025 में कंपनी ने 108.13 करोड़ रुपए का राजस्व और 15.98 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ अर्जित किया है। वित्तीय परिणामों से स्पष्ट है कि कंपनी साल दर साल अच्छे वित्तीय परिणाम प्रस्तुत कर रही है। वित्त वर्ष 2024 में कंपनी का कर पश्चात शुद्ध लाभ मार्जिन 14.86 फीसदी है। कंपनी का कर्ज इक्विटी अनुपात 0.06 फीसदी है। इस आधार पर कहा जा सकता है कि कंपनी पर कर भार ना के बराबर है।
आईपीओ के संबंध में जानकारी: ‘साचीरोम लिमिटेड’ का आईपीओ एनएसई इमर्ज प्लेटफार्म पर 9 जून को खुलकर 11 जून 2025 को बंद होगा। कंपनी द्वारा बुक बिल्ट इश्यू प्रणाली से 60,40,800 शेयर 96 से 102 रुपए प्रति शेयर के भाव पर जारी कर 61.62 करोड़ रुपए जुटाए जा रहे हैं। आईपीओ का मार्केट लॉट साइज 1200 शेयर का है। आईपीओ का प्रबंधन प्रमुख लीड मैनेजर कंपनी जीवाईआर केपिटल एडवाइजर्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है।
नोट: यह लेख निवेश सलाह नहीं है।

