Thursday, March 12, 2026 |
Home » अशोक लेलैंड ने तमिलनाडु में बैटरी पैक मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी की नींव रखी

अशोक लेलैंड ने तमिलनाडु में बैटरी पैक मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी की नींव रखी

by Business Remedies
0 comments

अशोक लेलैंड ने तमिलनाडु में बैटरी पैक मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी की नींव रखी

 

राष्ट्रीय 11 मार्च 2026: हिंदुजा ग्रुप की प्रमुख कंपनी और देश की अग्रणी कमर्शियल मोटर निर्माता अशोक लेलैंड ने आज चेन्नई के पास पिल्लैपक्कम में एक नई बैटरी पैक मैन्युफैक्चरिंग यूनिट की आधारशिला रखी। इसके जरिए कंपनी ने भारत के इलेक्ट्रिक मोबिलिटी इकोसिस्टम को आगे बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत किया है। इस परियोजना में करीब 400 से 500 करोड़ रुपये का निवेश होगा और यह सितंबर 2025 में हिंदुजा ग्रुप द्वारा साइन किए गए एमओयू के तहत किए जा रहे निवेश का हिस्सा है। नई बैटरी पैक परियोजना तमिलनाडु की इलेक्ट्रिक व्हीकल पॉलिसी 2023, नेशनल मिशन ऑन ट्रांसफॉर्मेटिव मोबिलिटी एंड बैटरी स्टोरेज और 2070 तक नेट-जीरो उत्सर्जन हासिल करने के भारत के लक्ष्य के अनुरूप है।

 

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री श्री एम.के. स्टालिन ने इस परियोजना की आधारशिला पट्टिका का अनावरण किया। समारोह में राज्य सरकार के उद्योग, निवेश प्रोत्साहन और वाणिज्य मंत्री श्री टी.आर.बी. राजा भी मौजूद रहे। इसके अलावा गाइडेंस तमिलनाडु के नेतृत्व और तमिलनाडु स्टेट इंडस्ट्रीज प्रमोशन कॉर्पोरेशन के प्रतिनिधियों के साथ अशोक लेलैंड के एमडी और सीईओ शेनू अग्रवाल तथा कई अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।

 

पिल्लैपक्कम में बनने वाली यह नई बैटरी पैक मैन्युफैक्चरिंग यूनिट मजबूत ईवी इकोसिस्टम तैयार करने की दिशा में एक अहम कदम है। इससे इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए बैटरी पैक का स्थानीय स्तर पर उत्पादन बढ़ेगा, भारत की इलेक्ट्रिक मोबिलिटी सप्लाई चेन मजबूत होगी और तमिलनाडु में रोजगार के साथ-साथ उन्नत कौशल विकास के नए अवसर भी पैदा होंगे। इससे राज्य अगली पीढ़ी के ऑटोमोबाइल निर्माण और ईवी इनोवेशन के बड़े केंद्र के रूप में और मजबूत होगा।

 

इस मौके पर अशोक लेलैंड के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन धीरज हिंदुजा ने कहा कि पिछले सात दशकों से भी अधिक समय से हमारी यात्रा तमिलनाडु के विकास के साथ जुड़ी रही है। अशोक लेलैंड और इसकी सहायक कंपनी स्विच मोबिलिटी ने इलेक्ट्रिक कमर्शियल वाहनों की एक व्यापक रेंज विकसित की है और ईवी बाजार में अग्रणी स्थिति हासिल की है। उन्होंने कहा, “नई बैटरी पैक मैन्युफैक्चरिंग यूनिट की आधारशिला हमारी इलेक्ट्रिक मोबिलिटी यात्रा में एक महत्वपूर्ण कदम है और मजबूत घरेलू ईवी इकोसिस्टम बनाने की हमारी प्रतिबद्धता को और पुख्ता करती है।”

 

अशोक लेलैंड के एमडी और सीईओ शेनू अग्रवाल ने कहा, “इलेक्ट्रिक मोबिलिटी और ऊर्जा भंडारण के भविष्य में बैटरी पैक तकनीक की मुख्य भूमिका रही है। यह यूनिट हमें अधिक दक्षता, सुरक्षा और भरोसेमंद तकनीक के साथ उन्नत बैटरी पैक समाधान विकसित करने में सक्षम बनाएगी, साथ ही बैटरी सप्लाई चेन के स्थानीयकरण (localisation) को भी मजबूती देगी। इसके जरिए तमिलनाडु में हाई-टेक मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में विशेष कौशल वाले प्रतिभाशाली लोगों को तैयार करने और नए अवसर पैदा करने में भी मदद मिलेगी।”

 

गौरतलब है कि पिछले 77 वर्षों से अशोक लेलैंड तमिलनाडु के औद्योगिक विकास से गहराई से जुड़ा रहा है। 1948 में एन्नोर में अपनी पहली मैन्युफैक्चरिंग यूनिट से शुरुआत करने वाली कंपनी अब 800 एकड़ से ज्यादा क्षेत्र में फैली नौ यूनिट्स तक विस्तार कर चुकी है। इन दशकों में कंपनी ने तमिलनाडु में 9,000 करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश किया है, 37,000 से अधिक रोजगार पैदा किए हैं और प्रतिभाओं को निखारने के साथ-साथ राज्य को देश के प्रमुख ऑटोमोबाइल और औद्योगिक केंद्रों में बदलने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

 

इस आधारशिला के साथ अशोक लेलैंड स्वच्छ और स्मार्ट मोबिलिटी के भविष्य को आकार देने की दिशा में एक और अहम मील का पत्थर स्थापित कर रहा है। यह पहल तमिलनाडु में तैयार की जा रही है और दुनिया को टिकाऊ परिवहन की ओर ले जाने के प्रयासों को भी मजबूती देती है।



You may also like

Leave a Comment