बिजनेस रेमेडीज/जयपुर। अजमेर रोड पर हुए हादसे के बाद अब विश्वकर्मा औद्योगिक क्षेत्र से एलपीजी गैस प्लांट को हटाने को लेकर विरोध शुरू हो गया है। इससे पहले सीतापुरा में भी कुछ साल पहले भीषण हादसा हो चुका है। इसके बाद उस प्लांट को वहां से हटाया गया था। विश्वकर्मा औद्योगिक क्षेत्र के उद्यमी इस प्लांट को दूसरी जगह शिफ्ट करने की मांग कर रहे हैं। विश्वकर्मा औद्योगिक क्षेत्र की एसोसिएशन ने इसके लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उद्योग मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ व रीको अधिकारियों को पत्र भी लिखा है। अगर सरकार ने उद्यमियों की इस मांग पर ध्यान नहीं दिया तो आंदोलन की चेतावनी दी है।
एसोसिएशन के अनुसार, 40 वर्ष पहले 1985 में एलपीजी प्लांट के लिए भारत गैस को भूखंड का आवंटन किया गया। तब आसपास का एरिया खाली था, लेकिन अब चारों ओर औद्योगिक इकाइयां लग चुकी हैं। इनमें से कई में अत्यंत ज्वलनशील रॉ-मैटेरियल का इस्तेमाल होता है। इसलिए प्लांट को दूसरी जगह शिफ्ट करने की मांग की है।
2009 में सीतापुरा में हुआ था बड़ा हादसा: वर्ष 2009 में जयपुर शहर के सीतापुरा औद्योगिक क्षेत्र में एक बड़ा हादसा हुआ था। अक्टूबर 2009 में इंडियल ऑयल कार्पोरेशन (आईओसी) तेल डिपो में आग लगी थी। यह आग तकरीबन 8,000 किलोलीटर (280,000 घन मीटर) पेट्रोल वाले विशाल टैंक में लगी थी। इस हादसे में करीब 12 लोगों की मौत हो गई थी और 300 से अधिक लोग घायल हो हुए थे, साथ ही भीषण आग से काफी नुकसान हुआ था।
2024 में अजमेर रोड पर भी हुआ भीषण हादसा: जयपुर स्थित अजमेर रोड पर 20 दिसम्बर 2024 को भांकरोटा औद्योगिक क्षेत्र के नजदीक एक बड़ा हादसा हुआ था। इस हादसे में एलपीजी गैस से भरे टैंकर को यू-टर्न लेते समय एक ट्रक ने टक्कर मार दी थी। इससे टैंकर से गैस का रिसाव हो गया और गैस ने तत्काल आग पकड़ ली। इस हादसे में तकरीबन 14 लोगों की मौत हो गई और करीब 35 लोग झुलस गए थे। साथ ही 40 से अधिक वाहन जल गए। आग का तांड़व 200 मीटर के दायरे में फैल गया। साथ ही करोड़ों रुपए का नुकसान भी हो गया। इस हादसे के बाद ही वीकेआई के उद्यमी इस गैस प्लांट को क्षेत्र से बाहर शिफ्ट करने की मांग कर रहे हैं।
विश्वकर्मा औद्योगिक क्षेत्र से यदि एलपीजी प्लांट को दूसरी जगह शिफ्ट नहीं किया गया तो स्थानीय उद्योगपति धरना-प्रदर्शन के लिए सडक़ पर उतरेंगे। क्योंकि इसकी वजह से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। हाल ही अजमेर रोड पर गैस टैंकर दुर्घटना के बाद जान-माल का काफी नुकसान हो चुका है। ऐसे में उद्यमी इस एलपीजी प्लांट को वीकेआई से हटाने की मांग कर रहे हैं।
– जगदीश सोमानी, अध्यक्ष, विश्वकर्मा औद्योगिक क्षेत्र, जयपुर

