Wednesday, March 4, 2026 |
Home » उत्तर भारत में पैथोलॉजी और रेडियोलॉजी परीक्षण सेवाओं के साथ डायग्नोस्टिक केंद्र संचालित करने वाली प्रमुख कंपनी है ‘Chandan Healthcare Ltd’

उत्तर भारत में पैथोलॉजी और रेडियोलॉजी परीक्षण सेवाओं के साथ डायग्नोस्टिक केंद्र संचालित करने वाली प्रमुख कंपनी है ‘Chandan Healthcare Ltd’

10 फरवरी को खुलकर 12 फरवरी 2025 को बंद होगा कंपनी का आईपीओ

by Business Remedies
0 comments

बिजनेस रेमेडीज। लखनऊ आधारित ‘चंदन हेल्थकेयर लिमिटेड’ उत्तर भारत में पैथोलॉजी और रेडियोलॉजी परीक्षण सेवाओं के साथ डायग्नोस्टिक केंद्र संचालित करने वाली प्रमुख कंपनी है। कंपनी द्वारा जानकीपुरम, लखनऊ, उत्तर प्रदेश में एक नया फ्लैगशिप डायग्नोस्टिक सेंटर स्थापित करने, उत्तर प्रदेश के अयोध्या में एक नई सेंट्रल रेफरेंस लैबोरेट्री की स्थापना करने, आशियाना, लखनऊ, उत्तर प्रदेश में एक नई सेंट्रल रेफरेंस लैबोरेट्री की स्थापना करने और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों की पूर्ति हेतु एनएसई इमर्ज प्लेटफार्म पर आईपीओ लाया जा रहा है। बिजनेस रेमेडीज की टीम ने कंपनी के प्रोस्पेक्ट्स से कंपनी की कारोबारी गतिविधियों के संबंध में जानकारी हासिल की है।

यह करती है कंपनी: सितंबर 2003 में स्थापित, चंदन हेल्थकेयर लिमिटेड उत्तर भारत में पैथोलॉजी और रेडियोलॉजी परीक्षण सेवाओं के साथ डायग्नोस्टिक केंद्र संचालित करती है। 31 दिसंबर, 2024 तक, कंपनी एक प्रमुख लैबोरेट्री, 7 केंद्रीय लैबोरेट्री और 26 सैटेलाइट सेंटर्स संचालित करती है, जिसमें उत्तर प्रदेश के 23 से अधिक शहरों और उत्तराखंड में 19 से अधिक शहरों में तीन सौ से अधिक कलेक्शन सेंटर्स हैं।

31 दिसंबर, 2024 तक, कंपनी विभिन्न विशिष्टताओं में 1,496 टेस्ट करती है। टेस्ट सारणी में बुनियादी जैव रसायन और हेमेटोलॉजी में 481 नियमित पैथोलॉजी परीक्षण, साथ ही इम्यूनोहिस्टोपैथोलॉजी और आणविक पैथोलॉजी जैसे 1,015 विशेष परीक्षण और एक्स-रे, अल्ट्रासोनोग्राफी, सीटी, एमआरआई और विशेष सीटी स्कैन सहित 545 रेडियोलॉजी टेस्ट शामिल हैं। रेडियोलॉजी सुविधाओं में ग्यारह सीटी स्कैनर और चार एमआरआई मशीनें हैं। 31 दिसंबर, 2024 तक, कंपनी ने 15 रेडियोलॉजिस्ट, 23 पैथोलॉजिस्ट और 161 से अधिक अन्य योग्य पेशेवरों को नियुक्त किया है।

प्रोडक्ट और सेवाएं : कंपनी मुख्य रूप से डायग्नोस्टिक सेवाएं और एक्स-रे फिल्मों और रीएजेंट्स जैसी उपभोग्य सामग्रियों की बिक्री करती है। वहीं कंपनी की सहायक कंपनी, चंदन फार्मेसी लिमिटेड, फार्मास्युटिकल उत्पादों की एक श्रृंखला की पेशकश करने वाले मेडिकल स्टोर संचालित करती है। कंपनी की सेवाओं में नियमित पैथोलॉजी टेस्ट, विशिष्ट पैथोलॉजी टेस्ट, रेडियोलॉजी टेस्ट, निवारक और कल्याण सेवाएं और होम कलेक्शन सेवा शामिल हैं।

कंपनी की ताकतें: कंपनी की ताकतों में उत्तराखंड के 39 टियर-टू शहर और कस्बों में मजबूत भौगोलिक उपस्थिति, पैथोलॉजी, रेडियोलॉजी टेस्ट और चिकित्सा परामर्श क्षेत्र में एकीकृत निदान प्रदाता, लाभप्रदता और नियमित वित्तीय प्रदर्शन का ट्रैक रिकॉर्ड एवं महत्वपूर्ण उद्योग अनुभव के साथ समर्पित प्रबंधन टीम शामिल हैं।

प्रवर्तकों का अनुभव
66 वर्षीय अमर सिंह कंपनी के प्रमोटर, अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक हैं। वे कंपनी की स्थापना के समय से ही उससे जुड़े हुए हैं। उनके पास बैचलर ऑफ मेडिसिन और बैचलर ऑफ सर्जरी की डिग्री है। उनके पास स्वास्थ्य सेवा उद्योग में दो दशकों से अधिक का अनुभव है। वे कंपनी के पूरे संचालन की देखरेख करते हैं और कारोबारी रणनीति की दिशा निर्धारित करते हैं। उनकी जिम्मेदारियों में व्यावसायिक उद्देश्य निर्धारित करना, विकास रणनीतियाँ बनाना और ग्राहकों को उच्च गुणवत्ता वाली सेवाओं की डिलीवरी की गारंटी देना शामिल है। अपने नेतृत्व के माध्यम से, वे कंपनी के लक्ष्यों और परिचालन प्रथाओं के बीच संतुलन सुनिश्चित करते हैं।

39 वर्षीया अस्मिता सिंह कंपनी की प्रमोटर और प्रबंध निदेशक हैं। वे शुरुआत से ही कंपनी से जुड़ी हुई हैं। उनके पास बैचलर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन और मास्टर ऑफ बिजनेस की डिग्री है। मार्केटिंग के क्षेत्र में उनका दो दशकों से अधिक का अनुभव है। वे परिचालन उत्कृष्टता की देखरेख करती है और कंपनी की मार्केटिंग रणनीतियों को बढ़ाती है। उन्हें वर्ष 2019 में भारत की सबसे प्रमुख महिला विकास पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।

33 वर्षीय आलोक सिंह कंपनी के प्रमोटर हैं। उनके पास एमिटी यूनिवर्सिटी से बैचलर ऑफ टेक्नोलॉजी (सूचना प्रौद्योगिकी) की डिग्री और इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, मद्रास से मास्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन की डिग्री है। वे पहले 2016 से 2018 तक विप्रो टेक्नोलॉजीज के साथ प्रोजेक्ट इंजीनियर के रूप में जुड़े थे। वे 2018 से चंदन हॉस्पिटल्स लिमिटेड से जुड़े हुए हैं।

47 वर्षीय शालीन सोलंकी कंपनी के प्रमोटर हैं। उनके पास कुमाऊं विश्वविद्यालय से विज्ञान स्नातक की डिग्री और इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोडक्टिविटी एंड मैनेजमेंट से बिजनेस मैनेजमेंट में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा है।

 

57 वर्षीय विजय सिंह कंपनी के इनफॉरमेशन टेक्नोलॉजी विभाग के प्रमुख हैं। उन्होंने कला विषय में स्नातक किया है और कंप्यूटर इंजीनियरिंग में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। वे 2003 से इनफॉरमेशन टेक्नोलॉजी विभाग के प्रमुख के रूप में कंपनी से जुड़े हुए हैं। वे कंपनी के संचालन के लिए महत्वपूर्ण कई सॉफ्टवेयर समाधान विकसित करने और बनाए रखने के लिए जिम्मेदार हैं। उनके पास सूचना प्रौद्योगिकी के अंतर्गत बीस वर्षों से अधिक का अनुभव है।

 

58 वर्षीय विनय लांबा कंपनी के गैर-कार्यकारी निदेशक हैं। वे शुरुआत से ही कंपनी से जुड़े हुए हैं। उन्होंने समुद्री इंजीनियरिंग और अनुसंधान संस्थान, कलकत्ता से अपना प्रशिक्षण पूरा किया है और उनके पास मोटरशिप के समुद्री इंजीनियर अधिकारी वर्ग ढ्ढ के रूप में योग्यता का प्रमाण पत्र है। उनके पास तकनीकी संचालन के क्षेत्र में एक दशक से अधिक का अनुभव है। वे पहले 1999 से 2003 तक संचालन प्रमुख के रूप में इंद्रा डायग्नोस्टिक सेंटर और ब्लड बैंक लिमिटेड से जुड़े थे। चंदन में, वे अंशांकन मानकों को स्थापित करने और उपकरण प्रदर्शन का आकलन करने के लिए विभिन्न पार्टियों की बाहरी इंजीनियरिंग टीमों के साथ मिलकर काम करते हैं। वे यह सुनिश्चित करने के लिए रणनीतिक योजना में भाग लेते हैं कि खरीद रणनीतियाँ संगठनात्मक उद्देश्य के साथ संरेखित हों। इसके अतिरिक्त, वे परिसंपत्ति अधिग्रहण के बारे में अच्छी तरह से सूचित निर्णय लेने के लिए बाजार के रुझानों और पूर्वानुमानों का विश्लेषण करते हैं।

कंपनी का वित्तीय प्रदर्शन: वित्त वर्ष 2022 में कंपनी ने 119.92 करोड़ रुपए का राजस्व एवं 1.06 करोड़ रुपए की कर पश्चात शुद्ध हानि, वित्त वर्ष 2023 में कंपनी ने 137.03 करोड़ रुपए का राजस्व एवं 3.59 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ और वित्त वर्ष 2024 में कंपनी ने 177.96 करोड़ रुपए का राजस्व और 16.36 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ अर्जित किया है। वित्त वर्ष 2025 में 31 दिसंबर 2024 को समाप्त अवधि में कंपनी ने 167.99 करोड़ रुपए का राजस्व और 17.42 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ अर्जित किया है। वित्तीय परिणामों से स्पष्ट है कि कंपनी साल दर साल अच्छे वित्तीय परिणाम प्रस्तुत कर रही है। वित्त वर्ष 2025 में 31 दिसंबर 2024 को समाप्त अवधि में कंपनी ने 10.40 फीसदी का कर पश्चात शुद्ध लाभ मार्जिन अर्जित किया है। वित्त वर्ष 2025 में 31 दिसंबर 2024 को समाप्त अवधि में कंपनी की असेट्स 170.06 करोड़ रुपए और रिजर्व एंड सरप्लस 34.31 करोड़ रुपए दर्ज किया गया है।

आईपीओ के संबंध में जानकारी: ‘चंदन हेल्थकेयर लिमिटेड’ का आईपीओ एनएसई इमर्ज प्लेटफार्म पर 10 फरवरी को खुलकर 12 फरवरी 2025 को बंद होगा। कंपनी द्वारा बुक बिल्ट इश्यू प्रणाली से 6752000 शेयर 151 से 159 रुपए प्रति शेयर के भाव पर जारी कर 107.36 करोड़ रुपए जुटाए जा रहे हैं। इनमें से शेयरधारकों द्वारा ऑफर फॉर सेल के माध्यम से 22,99,936 शेयर बिक्री कर 36.57 करोड़ रुपए हासिल किए जाएंगे। आईपीओ का मार्केट लॉट साइज 800 शेयरों का है। आईपीओ का प्रबंधन प्रमुख लीड मैनेजर कंपनी यूनीस्टोन केपिटल प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है।

नोट: यह लेख निवेश सलाह नहीं है।



You may also like

Leave a Comment