बिजनेस रेमेडीज/जयपुर। चेन्नई आधारित ‘Freshera Agro Exports Limited’ दुनिया भर के विभिन्न देशों में संरक्षित खीरा और अन्य अचार की खरीद एवं प्रसंस्करण के बाद निर्यात करने वाली प्रमुख कंपनी है। कंपनी द्वारा पूंजीगत व्यय को पूरा करने, कार्यशील पूंजी आवश्यकताओं के वित्तपोषण और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों की पूर्ति हेतु एनएसई इमर्ज प्लेटफार्म पर आईपीओ लाया जा रहा है। कंपनी का आईपीओ आज खुलकर 21 अक्टूबर को बंद होगा।
यह करती है कंपनी: Freshera Agro Exports Limited, जिसे पहले फ्रेशरा पिकल्ज़ एक्सपोर्ट्स के नाम से जाना जाता था, 2015 में स्थापित की गई थी। कंपनी देश से दुनिया भर के विभिन्न देशों में संरक्षित खीरा और अन्य अचार की खरीद व प्रसंस्करण कर निर्यात करती है। एक अनुबंध खेती कार्यक्रम के तहत, कंपनी तमिलनाडु, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में स्थानीय किसानों से कच्ची उपज का निर्यात करती है।
वित्तीय प्रदर्शन: वित्त वर्ष 2022 में कंपनी ने कुल राजस्व 111.27 करोड़ रुपए एवं 0.97 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ, वित्त वर्ष 2023 में 125.99 करोड़ रुपए का राजस्व एवं 9.08 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ किया है। वित्त वर्ष 2024 में अप्रैल 23 से जनवरी 24 तक कंपनी ने 122.47 करोड़ रुपए का राजस्व एवं 11.85 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ और जनवरी 24 से मार्च 24 तक 71.30 करोड़ रुपए का राजस्व एवं 9.96 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ अर्जित किया। वित्त वर्ष 2025 में 30 सितंबर 2024 तक कंपनी ने 107.46 करोड़ रुपए का राजस्व एवं 11.37 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ अर्जित किया है। कंपनी के वित्तीय परिणामों से स्पष्ट है कि कंपनी का कर पश्चात शुद्ध लाभ वर्ष दर वर्ष बढ़ रहा है। वित्त वर्ष 2025 में 30 सितंबर 2024 को समाप्त अवधि में कंपनी का कर पश्चात शुद्ध लाभ मार्जिन 10.98 फीसदी दर्ज किया गया है। वित्त वर्ष 2025 में 30 सितंबर 2024 को समाप्त अवधि में कंपनी की असेट्स 165.99 करोड़ रुपए, नेटवर्थ 38.34 करोड़ रुपए, रिजर्व एंड सरप्लस 21.34 करोड़ रुपए और कुल कर्ज 106.25 करोड़ रुपए दर्ज किया गया है।
IPO के संबंध में जानकारी: ‘Freshera Agro Exports Limited’ का आईपीओ एनएसई इमर्ज प्लेटफार्म पर आज खुलकर 21 अक्टूबर 2024 को बंद होगा। कंपनी द्वारा बुक बिल्ट इश्यू प्रणाली से 10 रुपए फेसवैल्यू के 64,99,200 शेयर 110 रुपए से 116 रुपए प्रति शेयर के भाव पर जारी कर 75.39 करोड़ रुपए जुटाए जा रहे हैं। आईपीओ का मार्केट लॉट साइज 1200 शेयरों का है। आईपीओ का प्रबंधन प्रमुख लीड कंपनी जीवाईआर कैपिटल एडवाइजर्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है।
नोट: यह लेख निवेश सलाह नहीं है।

