- तेजी से कर रही है कारोबारी विस्तार
- कंपनी आईपीओ प्राइस के मुकाबले दोगुना कर चुकी है निवेशकों का पैसा
- नास्ता बाजार ब्रांडनेम के तहत कंपनी ने नए उद्यम का नया (दूसरा) स्टोर खोलकर अपनी खुदरा उपस्थिति का विस्तार किया
बिजनेस रेमेडीज/जयपुर। गुजरात के अहमदाबाद आधारित कंपनी ‘Magson Retail & Distribution Limited’ विभिन्न प्रकार के विशेष फूड उत्पादों की रिटेल बिक्री व वितरण करने का काम करती है। कंपनी द्वारा तेज गति से देश के विभिन्न हिस्सों में फ्रेंचाइजी स्टोर खोलकर कारोबारी विस्तार किया जा रहा है। कारोबारी विस्तार का कंपनी के निवेशकों को भी फायदा मिल रहा है और आईपीओ प्राइस के मुकाबले निवेशकों का पैसा दोगुना हो चुका है। इस लेख में कंपनी की कारोबारी गतिविधियां, वित्तीय प्रदर्शन, कारोबारी विस्तार, प्रवर्तक अनुभव, इंडस्ट्री डायनामिक्स, आईपीओ के मायने जैसे विषयों पर प्रकाश डाला जा रहा है।
यह करती है कंपनी
कंपनी के स्टोर्स वर्ष 2009 से ही संचालित हैं और गुणवत्ता युक्त उत्पादों की आपूर्ति व अच्छी सर्विस के चलते कंपनी का ब्रांड ‘Magson’ गुजरात राज्य में अच्छी तरह से लोकप्रिय हो गया है। वर्तमान में कंपनी गॉरमेट फूड्स, फ्रोजन फूड्स और स्पेशलिटी फूड्स की रिटेल बिक्री व डिस्ट्रीब्यूशन का काम करती है। Magson Retail & Distribution Limited की उत्पाद श्रेणी शाकाहारी और मांसाहारी फ्रोजन फूड्स, प्रीमियम पनीर और डेयरी उत्पाद, विदेशी सब्जियां और फल, एंबियेंट उत्पाद, आयातित/लक्जरी चॉकलेट्स और आयातित पैक्ड उत्पाद में शामिल हैं। कंपनी के 32 से अधिक रिटेल स्टोर/आउटलेट हैं। कंपनी अपने सभी स्टोर पंजीकृत ब्रांड नाम ‘मैगसन’ के तहत संचालित करती है। ये 32 स्टोर/आउटलेट पूरे पश्चिमी भारत के प्रमुख शहरों में स्थित हैं। कंपनी की स्टोर ठाणे, उदयपुर, गांधीनगर, आणंद, राजकोट, जामनगर और गांधीधाम, सूरत, वडोदरा और अहमदाबाद में स्थित हैं। स्टोर में कुल स्टॉक (SKU) की संख्या 3000 इकाइयों से अधिक है। RF Garment Brand के तहत सभी उत्पाद मौजूदा बाजार अंतर और इसके उत्पादों की बढ़ती मांग का विश्लेषण करने के बाद पेश किए गए हैं। विस्तार योजना के तहत, कंपनी बैकवर्ड इंटीग्रेशन के हिस्से के रूप में आरएफ गॉरमेट उत्पादों को अपने गोदाम में पैक करेगी। बैकवर्ड इंटीग्रेशन की उक्त रणनीति से वितरण व्यवसाय से मार्जिन बढ़ाने में मदद मिलेगी और लंबे समय में यह मुख्य क्षमता विकसित करने में मदद करेगी। कंपनी ने ऑनलाइन डिलीवरी भी शुरू की है। कंपनी ने अहमदाबाद में 14,000 वर्ग फीट से अधिक का एक गोदाम किराए पर लिया है जहां से वह अपनी इन्वेंट्री का प्रबंधन करती है। मैगसन 75 प्रतिशत उत्पाद सीधे निर्माताओं से खरीदता है, जिससे बिचौलियों की दिक्कत नहीं आती है और इससे कंपनी को उच्च मार्जिन अर्जित करने में मदद मिलती है। अन्य 25 प्रतिशत की आपूर्ति सीधे अन्य वितरकों/थोक विक्रेताओं से की जाती है। दिसंबर 2021 में, मैगसन ने अपना खुद का ब्रांड – आरएफ गॉरमेट लॉन्च किया। यह फ्रेंच फ्राइज, फायरी फ्राइज, चिली गार्लिक पोटेटो शॉट्स, दिल्ली आलू टिक्की, वेजी बर्गर टिक्की, चंकी फ्राइज, अंडे और चिकन सीक कबाब जैसे प्रीमियम उत्पाद प्रदान करता है।
कंपनी का वित्तीय प्रदर्शन
वित्त वर्ष 2020 में कंपनी ने 32.41 करोड़ रुपए का राजस्व व 1.66 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ, वित्त वर्ष 2021 में कंपनी ने 53.58 करोड़ रुपए का राजस्व व 1.81 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ और वित्त वर्ष 2022 में कंपनी ने 55.66 करोड़ रुपए का राजस्व व 2.23 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ अर्जित किया है। वित्त वर्ष 2023 में कंपनी ने 63.01 करोड़ रुपए का राजस्व व 2.51 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ अर्जित किया है। वित्त वर्ष 2024 में कंपनी ने 66.29 करोड़ रुपए का राजस्व व 2.80 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ अर्जित किया है। वित्त वर्ष 2024 में कंपनी ने 3.85 रुपए का ईपीएस अर्जित किया है। वहीं वित्त वर्ष 2024 में कंपनी ने 0.40 रुपए का अंतिम लाभांश घोषित किया है, जिसकी रिकॉर्ड डेट 16 सितंबर 2024 थी। कंपनी पर कर्ज भार की स्थिति काफी सामान्य है। इस कारण कंपनी का बॉटम लाइन मार्जिन अच्छा है। वित्त वर्ष 2024 में कंपनी का कर पश्चात शुद्ध लाभ मार्जिन 4.22 फीसदी दर्ज किया गया है। वित्त वर्ष 2024 में कंपनी की कुल असेट करीब 31.33 करोड़ रुपए, रिजर्व एंड सरप्लस 16.54 करोड़ रुपए और कुल कर्ज 0.77 करोड़ रुपए दर्ज किया गया है।
IPO के मायने
कंपनी का आईपीओ एनएसई इमर्ज प्लेटफार्म पर जून 2023 में आया था। तब कंपनी ने 10 रुपए फेसवैल्यू के 21,14,000 शेयर 65 रुपए प्रति शेयर के भाव पर जारी कर 13.74 करोड़ रुपए जुटाए थे। इसके बाद कंपनी ने 143 रुपए का उच्चतम स्तर छुआ है। वर्तमान में कंपनी का शेयर करीब 100 रुपए प्रति शेयर के भाव पर कारोबार कर रहा है। शेयर बाजारों में लिस्टिंग से कंपनी की राष्ट्रीय पहचान बढ़ी है और कंपनी में रिटेल निवेशकों का दायरा भी बढ़ा है।
कारोबारी विस्तार
मैगसन स्टोर
12 जुलाई, 2024 को कंपनी ने एक नया मैगसन स्टोर प्लॉट नंबर 10/11, अरागी नंबर 1001-1005, दुकान नंबर। 2/3, पारस हेल्थ के सामने, शोभागपुरा, उदयपुर, राजस्थान में खोला है। इससे उदयपुर शहर में कंपनी की रिटेल उपस्थिति हो गई है। इससे पहले कंपनी के राजस्थान में जयपुर, जोधपुर, कोटा और अजमेर में मैगसन स्टोर हैं। कंपनी की योजना अगले 2 वर्षों में मैगसन के 10 स्टोर खोलने की है। कंपनी को गुजरात की स्वादिष्ट खाद्य पदार्थों की सबसे बड़ी श्रृंखला संचालित करने के लिए आईयूडेक्स क्वालिटी सर्टिफिकेशन लिमिटेड, लंदन से अंतर्राष्ट्रीय क्वालिटी सर्टिफिकेशन प्राप्त हुआ है। कंपनी ने 23 अप्रैल, 2024 को राजकोट में दुकान: नंबर 3, शिवंता डॉक्टर हाउस, एनआर, खोडियार पार्टी प्लॉट, सानिध्य 253 बिल्डिंग के सामने, स्पीड वेल पार्टी प्लॉट रोड, जीवराज पार्क, राजकोट-360005 पर एक नया स्टोर खोलकर रिटेल उपस्थिति का विस्तार किया है।कंपनी ने 14 दिसंबर,2023 को दुकान नंबर यू.जी.-2ए, अपर ग्राउंड फ्लोर, ब्लॉक ए, मुख्यालय सिटी वॉक, विजय नगर, एससीएच नंबर-54, इंदौर, मध्य प्रदेश-452010 में एक नया स्टोर खोलकर अपनी खुदरा उपस्थिति का विस्तार करने का एक रणनीतिक निर्णय लिया है।
“नास्ता बाजार”
मैगसन रिटेल एंड डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड (“कंपनी”) ने ब्रांडनेम “नास्ता बाजार” के तहत एक नए उद्यम का उद्घाटन करके खुदरा परिचालन क्षेत्र में अपने विस्तार के लिए एक रणनीतिक निर्णय लिया है। उक्त उद्यम के तहत पहला स्टोर 09 अगस्त 2024 से नास्ता बाजार,शॉप नंबर 27-28-29, आर्यन आविष्कार, स्काई सिटी के पास, क्लब ओ7 रोड, शेला, अहमदाबाद, गुजरात-380058 में खुला है। कंपनी ने रविवार, 15 सितंबर 2024 को “नास्ता बाजार” ब्रांडनेम के तहत नए उद्यम का नया (दूसरा) स्टोर खोलकर अपनी खुदरा उपस्थिति का विस्तार किया है। कंपनी ने यह स्टोर ग्राउंड फ्लोर, मिथिला अपार्टमेंट, जजेज बंगला-सत्याग्रह छावनी रोड,वायसराय विलाके सामने, एचपी पेट्रोल पंप के पास, बोदकदेव, अहमदाबाद में खोला है। कंपनी प्रबंधन में सूचित किया है कि ब्रांडनेम “नास्ता बाजार” के तहत इस नए स्टोर के खुलने के साथ, कंपनी द्वारा संचालित स्टोरों की कुल संख्या बढक़र 32 हो गई है, जो 4 राज्यों के 11 शहरों में फैले हुए हैं। कंपनी की योजना अगले 2 वर्षों में गुजरात में नाश्ता बाजार के करीब 50 स्टोर खोलने की है।
माय चॉकलेट वल्र्ड
Magson का नवीनतम उद्यम ‘My Chocolate World’ है, जो अहमदाबाद में दुनिया भर की चॉकलेटों वाला अपनी तरह का एक अनूठा स्टोर है। नवरात्र में गुजरात के प्रमुख केंद्र राजकोट में ‘माय चॉकलेट वल्र्ड’ का दूसरा स्टोर खुलने जा रहा है। उक्ततथ्यों से स्पष्ट है कि कंपनी नियमित रूप से देश के विभिन्न स्थानों पर कारोबारी विस्तार कर रही है।
इंडस्ट्री डायनामिक्स
उम्मीद है कि भारत में ग्रॉसरी रिटेल मार्केट वर्ष 2030 तक लगभग 1.10 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच जाएगा। देश का रिटेल मार्केट जीडीपी में 10 प्रतिशत योगदान देता है और भारत की 8 प्रतिशत आबादी को रोजगार देता है। जानकारों का मानना है कि कुल रिटेल मार्केट में फूड एम ग्रॉसरी रिटेल की हिस्सेदारी करीब 65 फीसदी है। किराने के खर्च की हिस्सेदारी में वृद्धि हुई और 2020 में लगभग 73.4 प्रतिशत होने का अनुमान लगाया गया। यह वृद्धि समग्र खर्च में कमी के कारण बड़े पैमाने पर केवल आवश्यक वस्तुओं पर खर्च को सीमित करने के कारण हुई। 2025 में किराना खर्च का अनुमान 65 प्रतिशत के आसपास रहेगा। शहरीकरण की तीव्र गति के साथ, उभरते शहरों और उपनगरीय क्षेत्रों में किराने की वस्तुओं की खपत के मूल्य में वृद्धि देखी जा सकती है।ग्रोसरी विक्रताओं का भविष्य वैयक्तिकरण पर निर्भर करेगा। जो खुदरा विक्रेता डेटा एनालिटिक्स और प्रिस्क्रिप्टिव एल्गोरिदम के उपयोग के माध्यम से निजीकरण को अगले स्तर तक ले जाने में सक्षम हैं, उनमें उपभोक्ताओं को संतुष्ट करने की सबसे अधिक क्षमता होगी। कार्ट तैयार करने, चेकआउट प्रक्रिया को सरल बनाने और स्टॉक से बाहर की वस्तुओं को सीधे दरवाजे पर पहुंचाने में उपभोक्ताओं को प्रदान की गई सहायता से ग्राहकों को बनाए रखने में काफी मदद मिलेगी। ग्रॉसरी खुदरा व्यापार में सफल होने के लिए प्रक्रिया चपलता, अनुकूलनशीलता और स्वचालन के साथ-साथ नई क्षमताओं का निर्माण आवश्यक है। सुविधा क्षेत्र के पास अनुकूल वातावरण में खरीदारी करने का अहसास ही इन रिटेल ग्रॉसरी स्टोर्स के लिए सफलता की कुंजी हैं। जो कंपनियां ऑफलाइन के साथ ऑनलाइन सेवाएं देने में सक्षम होगी और ग्रोथ करेंगी। उक्त तथ्यों से स्पष्ट है कि 140 करोड़ लोगों के देश में फूड ग्रॉसरी रिटेल काफी संभावनाओं वाला कारोबार है। स्पेशलिटी फूड रिटेल बिजनेस में काम करने वाली ‘मैगसन रिटेल एंड डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड’ के लिए भविष्य में काफी अच्छी कारोबारी संभावनाएं हैं।
कंपनी प्रवर्तकों का अनुभव
50 वर्षीय कंपनी प्रवर्तक राजेश इमैनुएल फ्रांसिस कंपनी की स्थापना से कंपनी में निदेशक के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने कॉमर्स विषय में स्नातक की डिग्री हासिल की है। उन्हें फूड रिटेल क्षेत्र में 21 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे कंपनी के लिए सभी प्रकार के प्रमुख नीतिगत निर्णय लेते हैं और कंपनी के कारोबार को बढ़ाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाते हैं।
54 वर्षीय कंपनी प्रवर्तक मनीष शिवनारायण पंचोली कंपनी के संस्थापक सदस्य हैं। उन्होंने 9वीं कक्षा तक शिक्षा ग्रहण की है। उन्हें रिटेल फूड क्षेत्र में 11 वर्षों का अनुभव है।
47 वर्षीय कंपनी प्रवर्तिका जेनिफर राजेश फ्रांसिस कंपनी प्रवर्तक राजेश इमैनुएल फ्रांसिस की पत्नी हैं। उन्हें कई प्रकार के फूड टेस्टिंग, इंटरनेशनल फूड, फूड रेसिपीज इत्यादि का व्यापक अनुभव है। वे अपने जीवनसाथी का उभरते बाजार आवश्यकताओं के अनुसार फूड मुहैया कराने में अहम भूमिका निभाती हैं। उन्होंने व्यक्तिगत अनुभव के आधार पर बाजार के अनुसार कंपनी को संबंधित फूड मुहैया कराने में अहम भूमिका निभाई है।
राजेंद्र मगनलाल को फूड एंड रिटेल डिस्ट्रीब्यूशन में 45 वर्षों से अधिक का अनुभव है। इनके मार्गदर्शन में मैगसन वांछित प्रगति कर रही है। कंपनी प्रबंधन इन्हें अपना मार्गदर्शक मानते हैं।
नोट: कंपनी के शेयर में निवेश करने से पूर्व निवेशकों को पंजीकृत निवेश सलाहकारों से सलाह लेनी चाहिए और यह लेख निवेश सलाह नहीं है।

