बिजनेस रेमेडीज/जयपुर। उड़ीसा के खोर्दा आधारित ‘Vdeal System Ltd’ विभिन्न प्रकार के इलेक्ट्रिकल कंट्रोल पैनल और ऑटोमेशन सॉल्यूशन का निर्माण करने वाली विशेषज्ञ कंपनी है। कंपनी द्वारा कार्यशील पूंजी आवश्यकताओं को पूरा करने, कंपनी द्वारा लिए गए कुछ सुरक्षित और असुरक्षित ऋण के सभी या कुछ हिस्से का पूर्व भुगतान और पुनर्भुगतान करने और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों की पूर्ति हेतु एनएसई इमर्ज प्लेटफार्म पर आईपीओ लाया जा रहा है। कंपनी का आईपीओ आज खुलकर २९ अगस्त को बंद होगा।
यह करती है कंपनी: Vdeal System Ltd का इनकॉरपोरेशन दिसंबर 2009 में हुआ था। कंपनी को अपने व्यापक इलेक्ट्रिकल कंट्रोल पैनल और ऑटोमेशन सॉल्यूशन के लिए जाना जाता है। कंपनी निम्न और मध्यम वोल्टेज पैनल, वीएफडी पैनल, एमवी सॉफ्ट स्टार्टर, ईएमएस और पीएलसी पैनल सहित स्मार्ट इलेक्ट्रिकल कंट्रोल पैनल के डिजाइन, विकास और निर्माण में माहिर है।
वित्तीय प्रदर्शन : वित्त वर्ष 2022 में कंपनी ने कुल राजस्व 16.18 करोड़ रुपए एवं 23.10 लाख रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ, वित्त वर्ष 2023 में 20.72 करोड़ रुपए का राजस्व एवं 1.10 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ और वित्त वर्ष 2024 में कंपनी ने 26.22 करोड़ रुपए का राजस्व एवं 3.11 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ अर्जित किया है। कंपनी के वित्तीय परिणामों से स्पष्ट है कि कंपनी का राजस्व एवं कर पश्चात शुद्ध लाभ वर्ष दर वर्ष बढ़ रहा है। वित्त वर्ष 2024 तक कंपनी का कर पश्चात शुद्ध लाभ मार्जिन 11.87 फीसदी दर्ज किया गया है। वित्त वर्ष 2024 तक कंपनी की कुल असेट्स 27.27 करोड़ रुपए, नेटवर्थ 6.28 करोड़ रुपए, रिजर्व एंड सरप्लस 3.01 करोड़ रुपए और कुल कर्ज 9.37 करोड़ रुपए दर्ज किया गया है। कंपनी का कर्ज इक्विटी अनुपात 1.51 गुना का है।
IPO के संबंध में जानकारी: ‘Vdeal System Ltd’ का IPO NSE Emerge Platform पर आज खुलकर 29 अगस्त 2024 को बंद होगा। कंपनी द्वारा 10 रुपए फेसवैल्यू के 16,14,000 शेयर 112 रुपए प्रति शेयर के भाव पर जारी कर 18.08 करोड़ रुपए जुटाए जा रहे हैं। आईपीओ का मार्केट लॉट साइज 1200 शेयरों का है। आईपीओ का प्रबंधन प्रमुख लीड मैनेजर कंपनी एफिनिटी ग्लोबल कैपिटल मार्केट प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है।
नोट: यह लेख निवेश सलाह नहीं है।

