बिजऩेस रेमेडीज/जयपुर
एक्सिस बैंक ने गतिशील और लचीले सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र के महत्त्व को रेखांकित करते हुए अंतर्राष्ट्रीय एमएसएमई दिवस पर राजस्थान के 100 से अधिक एमएसएमई ग्राहकों को सम्मानित किया। यह समारोह जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, भीलवाड़ा, बीकानेर, कोटा, अलवर, अजमेर आदि में एक्सिस बैंक की चुनिंदा शाखाओं में आयोजित किया गया।
एक्सिस बैंक के वरिष्ठ प्रतिनिधि – समीर गर्ग, रीजनल ब्रांच बैंकिंग हेड – नॉर्थ 1; हरिंदरपाल सिंह कोहली, सर्कल हेड – राजस्थान, ने एमएसएमई ग्राहकों को प्रशंसा प्रमाण पत्र प्रदान किए और उनके संबंधित क्षेत्रों और राज्य की आर्थिक वृद्धि में उनके द्वारा किए गए महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की। इसके अतिरिक्त, कुछ एमएसएमई ग्राहकों को उनके व्यावसायिक परिसर में रिलेशनशिप मैनेजरों द्वारा सम्मानित किया गया।
एक्सिस बैंक ने इस अवसर पर एमएसएमई के लिए महत्वपूर्ण वित्तीय लाभ प्रदान करने वाले विभिन्न किस्म के विशेष ऑफर लॉन्च किए, जो उन्हें लागत बचाने और अधिक आसानी से तथा तेज़ी से ऋण प्राप्त करने में मदद करेंगे। बैंक ने मौजूदा एमएसएमई ग्राहकों को सुरक्षित कार्यशील पूंजी उत्पादों के लिए प्रसंस्करण शुल्क पर 50 प्रतिशत छूट के साथ प्री-क्वालिफाइड ऑफर की पेशकश की। बैंक ने एमएसएमई को प्रतिस्पर्धी ब्याज दर और कम प्रसंस्करण शुल्क पर अनसेक्योर्ड ईएमआई-आधारित ऋण की भी पेशकश की।
अर्निका दीक्षित, प्रेसिडेंट एंड हेड – ब्रांच बैंकिंग, एक्सिस बैंक ने इस पहल के बारे में कहा कि एक्सिस बैंक एमएसएमई को बढ़ावा देने और समर्थन प्रदान करने के लिए समर्पित है। बैंक यह अच्छी तरह समझता है कि भारत के आर्थिक परिदृश्य में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। हमारा मानना है कि आर्थिक विकास को बढ़ावा देने में एमएसएमई सेगमेंट को उन्नत डिजिटल बैंकिंग उत्पादों और सेवाओं से लैस करना शामिल है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वे कुशल और चुस्त बने रहें।
हमें अपने एमएसएमई ग्राहकों के जज्बे और उपलब्धियों का जश्न मनाने और उनका सम्मान करने पर गर्व है। हमारा दृष्टिकोण ‘विकसित भारत’ और ‘मेक इन इंडिया’ पहल के सिद्धांतों के अनुरूप है, एवं हम एमएसएमई को समृद्ध और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने में योगदान देने में उनकी सहायता करते हैं। देश भर में एमएसएमई लगातार नवोन्मेष और अनुकूलन के साथ सीमाओं को आगे बढ़ा रहे हैं, और हम इन गतिशील उद्यमियों के लिए विकास को बढ़ावा देने और नए रास्ते तलाशने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
पिछले कुछ वर्षों में, एक्सिस बैंक एमएसएमई ग्राहकों को उनकी लगातार विकसित होती व्यावसायिक जरूरतों को पूरा करने और उनके समग्र ग्राहक अनुभव को बढ़ाने के लिए विशेष रूप से तैयार की गई पेशकशों और पहलों के साथ सशक्त बना रहा है। एक्सिस बैंक द्वारा की गई कुछ पहल इस प्रकार हैं –
मोबाइल-फस्र्ट बिजनेस बैंकिंग प्रस्ताव ‘नियो फॉर बिजनेस’ लॉन्च किया, जिसे सहज लेन-देन के माध्यम से उत्पादकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया ।
आरबीआई इनोवेशन हब के सहयोग से पब्लिक टेक प्लेटफॉर्म फॉर फ्रिक्शनलेस क्रेडिट (पीटीपीएफसी) के माध्यम से अत्याधुनिक ऋण समाधान पेश किए।
लास्ट-माइल एसएमई ग्राहकों के लिए बचत और चालू बैंक खाते खोलने में सुविधा प्रदान की।
एमएसएमई की ज़रूरतों के अनुरूप मज़बूत आपूर्ति श्रृंखला वित्त समाधान पेश किए।
‘इवॉल्व’ का आयोजन, जो वार्षिक ज्ञान संवर्द्धन श्रृंखला है जिसका उद्देश्य है, एमएसएमई को नए युग की रणनीतियों, परिचालन संबंधी जानकारी और विनियमन संबंधी समझ से लैस करना।
हर साल ‘इंडिया एसएमई 100 अवॉर्ड्स में उन्हें पुरस्कृत कर एमएसएमई के असाधारण योगदान और उपलब्धियों का सम्मान किया जाता है।
एक्सिस बैंक के पास, 31 मार्च 2024 तक, समग्र एमएसएमई उद्योग ऋण की 8.4 प्रतिशत बाजार हिस्सेदारी थी। एक्सिस बैंक के एसएमई ऋण में साल-दर-साल के आधार पर 17 प्रतिशत और तिमाही-दर-तिमाही के आधार पर 5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई, जिसका बैंक के कुल ऋण मिश्रण में महत्वपूर्ण योगदान रहा।

