जयपुर। सूरत आधारित फार्मास्युटिकल और हेल्थकेयर क्षेत्र की अग्रणी कंपनी Trident Lifeline Limited ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही के शानदार वित्तीय परिणामों की घोषणा की है। इस तिमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ सालाना आधार पर करीब 30 फीसदी बढ़कर 6.6 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो पिछले वर्ष की समान तिमाही में 5.1 करोड़ रुपये था। वहीं, पिछली तिमाही यानी वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के 5.1 करोड़ रुपये के मुकाबले भी कंपनी के मुनाफे में 30 फीसदी की त्रैमासिक बढ़ोतरी दर्ज की गई। इस तिमाही में कंपनी का कर–पश्चात शुद्ध लाभ मार्जिन 14.0 फीसदी रहा।
परिणामों के अनुसार, कंपनी के परिचालन राजस्व में भी जबरदस्त उछाल देखा गया है। वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही में कंपनी का राजस्व सालाना आधार पर 50 फीसदी की बढ़त के साथ 47.1 करोड़ रुपये रहा, जो वित्त वर्ष 2026 की दूसरी तिमाही में 31.3 करोड़ रुपये था। तिमाही–दर–तिमाही आधार पर भी राजस्व में 40 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई, जो पहली तिमाही में 33.7 करोड़ रुपये था। इसके अतिरिक्त, कंपनी का EBITDA 65 फीसदी की सालाना वृद्धि के साथ 11.3 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जबकि इसका EBITDA मार्जिन 217 बेसिस पॉइंट सुधरकर 24.1 फीसदी दर्ज किया गया।
गौरतलब है कि Trident Lifeline Limited एक प्रमुख फार्मास्युटिकल और हेल्थकेयर कंपनी है, जो फिनिश्ड डोज फार्मास्युटिकल उत्पादों के निर्माण में विशेषज्ञता रखती है। कंपनी के पास फार्मास्यूटिकल्स, न्यूट्रास्यूटिकल्स, हर्बल उत्पादों, इंजेक्टेबल्स, पर्सनल केयर और मेडिकल डिवाइसेज का विविध पोर्टफोलियो है। हाइब्रिड मैन्युफैक्चरिंग मॉडल और मजबूत वैश्विक डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क के दम पर कंपनी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रही है।

