मुंबई | एजेंसी
कोटक अल्टरनेट एसेट मैनेजर्स लिमिटेड (कोटक अल्ट्स) ने पुष्कर जौहरी को निजी इक्विटी और उद्यम पूंजी का मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त करने की घोषणा की है। पुष्कर कोटक
अल्ट्स के निजी इक्विटी और उद्यम पूंजी मंच के लिए निवेश रणनीति, धन जुटाने, नए निवेश, निवेश पोर्टफोलियो के प्रबंधन और निवेश निकासी का नेतृत्व करेंगे।
कोटक अल्ट्स के प्रबंध निदेशक श्रीनि श्रीनिवासन ने कहा, “हमें अपने निजी इक्विटी और उद्यम पूंजी मंच का नेतृत्व करने के लिए पुष्कर का स्वागत करते हुए खुशी हो रही है। उनके पास भारत और यूरोप में निजी इक्विटी, उद्यम पूंजी और सार्वजनिक बाजारों में लगभग 25 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने एक निजी इक्विटी व्यवसाय खड़ा किया है और निवेश के प्रत्येक चरण में काम किया है। मंच के विस्तार में उनका अनुभव और उपलब्धियां हमारे लिए महत्वपूर्ण साबित होंगी।” कोटक अल्ट्स के निजी इक्विटी और उद्यम पूंजी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पुष्कर जौहरी ने कहा, “मेरे अनुभव में अच्छा निजी इक्विटी निवेश सही व्यवसायों के चयन और उनके विकास के दौरान उनके साथ निकटता से जुड़े रहने से शुरू होता है। कोटक अल्ट्स के पास एक स्थापित मंच और अनुभवी निवेश दल हैं। मैं निवेशकों के लिए मूल्य सृजित करने और पोर्टफोलियो कंपनियों के विकास में सहयोग देने के लिए दल के साथ मिलकर काम करने को उत्सुक हूं।”
अपने कार्यकाल के दौरान पुष्कर 90 करोड़ अमेरिकी डॉलर से अधिक मूल्य के 25 से अधिक निजी इक्विटी, विलय एवं अधिग्रहण और सार्वजनिक इक्विटी निवेशों से जुड़े रहे हैं। उनके अनुभव में धन जुटाना, निवेश का चयन, पोर्टफोलियो कंपनियों के साथ काम करना और निवेश निकासी शामिल है। अपने पेशेवर सफर के दौरान उन्होंने 10 से अधिक निदेशक मंडलों में भी पद संभाले हैं।
हाल ही में पुष्कर ने वैल्यूक्वेस्ट के निजी इक्विटी व्यवसाय को कई कोष वाले मंच के रूप में विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस दौरान कंपनी के निजी इक्विटी प्रबंधनाधीन परिसंपत्तियों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई। इससे पहले उन्होंने ओमान इंडिया ज्वाइंट इन्वेस्टमेंट फंड, खजानाह नेशनल और टीवीएस कैपिटल फंड्स में निवेश एवं नेतृत्व संबंधी भूमिकाएं निभाईं। अपने करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने फिडेलिटी इन्वेस्टमेंट्स इंटरनेशनल और मैकिन्जी एंड कंपनी जैसी वैश्विक कंपनियों के साथ काम किया।

