22

जयपुर । लुधियाना आधारित ऑटोमोटिव टायर और ट्यूब निर्माण क्षेत्र की प्रमुख और प्रतिष्ठित कंपनी डॉलफिन रबर्स लिमिटेड ने 30 जून 2026 को समाप्त हुई चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही के वित्तीय परिणाम घोषित किए हैं। लुधियाना स्थित इस अग्रणी कंपनी का कर-पश्चात शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 25.03 प्रतिशत की जोरदार बढ़त के साथ 196.52 लाख रुपए पर पहुंच गया है, जो पिछले वर्ष की समान तिमाही में 157.17 लाख रुपए दर्ज किया गया था। चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर कंवलजीत सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक में स्वीकृत नतीजों के अनुसार, समीक्षाधीन तिमाही में ऑपरेशंस से कंपनी का राजस्व भी 30.6 प्रतिशत की भारी उछाल के साथ 5,256.93 लाख रुपए रहा, जो बीते वर्ष की समान अवधि में 4,023.42 लाख रुपए था। इस प्रकार अन्य आय को मिलाकर कंपनी की कुल आय आलोच्य अवधि में 5,269.28 लाख ऊ के पार पहुंच गई है, जबकि पिछली मार्च 2026 को समाप्त तिमाही में यह 4,887.53 लाख रुपए थी। उत्पादन गतिविधियों और कच्चे माल की कीमतों में आई तेजी के कारण कंपनी का कुल खर्च भी बढ़कर 5,008.99 लाख रुपए दर्ज किया गया, जिसमें प्रयुक्त सामग्री की लागत का हिस्सा सर्वाधिक 4,044.12 लाख रुपए रहा। खर्चों में इस वृद्धि के बावजूद मजबूत परिचालन दक्षता के चलते कंपनी का कर पूर्व लाभ बढ़कर 260.28 लाख रुपए हो गया और निवेशकों के लिए प्रति शेयर कमाई 1.57 रुपए से सुधरकर 1.96 रुपए पर पहुंच गई है।
कारोबारी गतिविधियां: वर्ष 1995 में स्थापित और वर्तमान में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज में लिस्टेड डॉलफिन रबर्स लिमिटेड एक प्रीमियम आईएसओ 9001 और आईएसओ 14001 प्रमाणित संस्थान है और यह ऑटो कंपोनेंट क्षेत्र में अपनी गुणवत्ता के लिए जाना जाता है। पंजाब के लुधियाना में स्थित कंपनी का अत्याधुनिक विनिर्माण प्लांट 2,00,000 वर्ग फुट से अधिक क्षेत्र में फैला हुआ है, जहां 500 से अधिक कुशल कार्यबल की मदद से सालाना लगभग 60 लाख उच्च गुणवत्ता वाले ब्यूटाइल रबर ट्यूब और 5 लाख टायरों का उत्पादन किया जाता है। कंपनी का प्रोडक्ट पोर्टफोलियो बेहद डाइवर्सिफाइड है, जिसके तहत टू-व्हीलर, थ्री-व्हीलर, पैसेंजर कारों, ट्रैक्टरों और भारी कमर्शियल ट्रकों के लिए 230 से अधिक विशिष्ट उत्पाद (एसकेयू) तैयार किए जाते हैं। मजबूत व्यापारिक नीतियों के दम पर डॉलफिन रबर्स ने देशव्यापी स्तर पर 600 से अधिक डीलरों और वितरकों का एक विशाल घरेलू रिप्लेसमेंट मार्केट नेटवर्क तैयार किया है। इसके साथ ही वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान मजबूत करते हुए कंपनी यूरोप, कनाडा, अफ्रीका, नेपाल और बांग्लादेश जैसे अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अपने उत्पादों का बड़े पैमाने पर निर्यात कर रही है, जो इसके वैश्विक मानकों और मजबूत वित्तीय स्थिति को प्रमाणित करता है।

