Monday, July 13, 2026 |
Home Tech Worldवित्तीय सेवाओं, डेटा सेंटर और क्लाउड पर बड़ा दांव लगाएगी एयरटेल, 10 साल में किया 3.3 लाख करोड़ का निवेश

वित्तीय सेवाओं, डेटा सेंटर और क्लाउड पर बड़ा दांव लगाएगी एयरटेल, 10 साल में किया 3.3 लाख करोड़ का निवेश

by Business Remedies
0 comments

नई दिल्ली | बिजनेस रेमेडीज | Bharti Airtel के चेयरमैन Sunil Bharti Mittal ने कहा है कि कंपनी ने पिछले एक दशक में डिजिटल बुनियादी ढांचे के निर्माण में 3.3 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया है और अब वृद्धि के अगले चरण के लिए वित्तीय सेवाओं, डेटा केंद्रों और क्लाउड सेवाओं पर बड़ा दांव लगा रही है।

कंपनी की वार्षिक रिपोर्ट में Mittal ने कहा कि Airtel ने नए विकास क्षेत्रों को तैयार करने के लिए सोच-समझकर कदम उठाए हैं। इन प्रयासों से कंपनी को मजबूत परिणाम मिले हैं और अब उसे वित्तीय सेवाएं, डेटा केंद्र और Airtel Cloud क्षेत्र में आगे बढ़ने की अच्छी संभावनाएं दिख रही हैं।

उन्होंने कहा कि Bharti Airtel ने अपनी गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी (एनबीएफसी) Airtel Money में 20,000 करोड़ रुपये के निवेश की घोषणा की है। वहीं, कंपनी की डेटा सेंटर इकाई Nxtra ने एक गीगावाट (जीडब्ल्यू) क्षमता विकसित करने की योजना के तहत हाल में एक अरब डॉलर (करीब 9,500 करोड़ रुपये) जुटाए हैं।

Mittal ने कहा कि Reserve Bank of India (RBI) ने Airtel Money को गैर-जमा स्वीकार करने वाली गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी के रूप में काम करने की मंजूरी दे दी है। उन्होंने कहा, ‘यह कंपनी के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है और भारत में वित्तीय समावेशन का दायरा बढ़ाने के व्यापक लक्ष्य की दिशा में भी अहम कदम है।’

Mittal ने कहा कि Airtel Money को आने वाले वर्षों में पर्याप्त पूंजी उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने कहा कि भारत में तेजी से बढ़ते डिजिटलीकरण, क्लाउड सेवाओं के बढ़ते उपयोग और डेटा को देश में ही रखने की जरूरतों के कारण Nxtra अगले कुछ वर्षों में एक गीगावाट क्षमता तैयार करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।

Mittal ने कहा, ‘हमारे तीसरे विकास इंजन Airtel Cloud को शुरुआती दौर में अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। हमारी सुरक्षित और दूरसंचार स्तर की क्लाउड सेवा भारतीय बाजार की उभरती जरूरतों को पूरा करती है। इससे ग्राहकों को भारत में ही संचालित और सुरक्षित विश्वस्तरीय क्लाउड सेवाएं लागत प्रभावी तरीके से मिलती हैं।’

उन्होंने बताया कि Airtel Cloud सेवाओं के लिए कंपनी ने 24 से अधिक सौदे किए हैं।

Mittal ने कहा कि सरकार की ओर से क्लाउड, कृत्रिम मेधा (एआई) और डिजिटल बुनियादी ढांचे को बढ़ावा देने के लिए बनाई गई नीतियां निवेश को गति देंगी और इस क्षेत्र के परिवेश को मजबूत करेंगी।

उन्होंने कहा, ‘क्लाउड और एआई आधारित डेटा केंद्रों में निवेश के लिए सरकार की ओर से दी गई दीर्घकालिक कर छूट एक समयानुकूल पहल है। इससे डिजिटल बुनियादी ढांचे में लगातार पूंजी निवेश को बढ़ावा मिलेगा और देश में सुरक्षित एवं स्वायत्त डेटा प्रवाह सुनिश्चित होगा।’

सरकार को उम्मीद है कि इस वर्ष डेटा केंद्र क्षेत्र में निवेश 200 अरब डॉलर (18 लाख करोड़ रुपये से अधिक) को पार कर सकता है।

Mittal ने कहा कि पिछले 10 साल में कंपनी ने भारत के सबसे मजबूत डिजिटल बुनियादी ढांचा मंचों में से एक तैयार करने के लिए 3.3 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया है।

उन्होंने कहा कि 5जी अर्थव्यवस्था का उभरना कंपनी के वृद्धि के अगले चरण को तय कर रहा है और इससे विभिन्न उद्योगों में नए उपयोग के अवसर पैदा हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि 5जी तेज गति के संपर्क को बढ़ावा दे रहा है तथा व्यापक नेटवर्क उपलब्धता के माध्यम से नवाचार के नए रास्ते खोल रहा है।

Mittal ने बताया कि Airtel के 5जी ग्राहकों की संख्या बढ़कर 18.8 करोड़ हो गई है। Airtel का 5जी प्लस नेटवर्क अब कंपनी के कुल वायरलेस डेटा ट्रैफिक का आधा हिस्सा वहन कर रहा है.



You may also like

Leave a Comment