अहमदाबाद,
देश के प्रमुख उद्योगपति गौतम अडानी ने विश्व श्रम दिवस के अवसर पर एक नई पहल ‘अपनी बात, अपनों के साथ’ की शुरुआत की है। इस पहल का उद्देश्य अडानी समूह के चार लाख से अधिक सहयोगियों के साथ सीधा संवाद स्थापित करना है।
गौतम अडानी ने Social Media Platform X पर अपने संदेश में कहा कि यह केवल एक औपचारिक बातचीत नहीं है, बल्कि अडानी परिवार के हर सदस्य से दिल से जुड़ने का प्रयास है। उन्होंने बताया कि इस पहल के माध्यम से वह समय-समय पर अपने विचार, अनुभव और सीख साझा करेंगे, साथ ही दूसरों से सीखने का भी प्रयास करेंगे। उन्होंने इस दिन को अपने जीवन के लिए विशेष बताते हुए कहा कि एक ओर यह विश्व श्रम दिवस है और दूसरी ओर उनके विवाह की चालीसवीं वर्षगांठ भी है। इस पवित्र अवसर की शुरुआत उन्होंने अपनी जीवनसंगिनी प्रीति के साथ केदारनाथ धाम में भगवान महादेव के दर्शन और आशीर्वाद लेकर की।
गौतम अडानी ने अपने वैवाहिक जीवन के चार दशकों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रीति का साथ उनके जीवन में केवल सहयोग नहीं बल्कि हर चुनौती में एक शांत शक्ति और हर सफलता में एक मजबूत आधार रहा है। इसके लिए उन्होंने हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने आगे कहा कि उन्होंने भगवान महादेव से देश की निरंतर प्रगति, समृद्धि और शक्ति के लिए प्रार्थना की, साथ ही सभी को राष्ट्र निर्माण में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने की प्रेरणा देने की कामना की।
गौतम अडानी ने विश्वास जताया कि जब अडानी परिवार के लाखों सदस्य राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ एकजुट होंगे, तो वे केवल परियोजनाएं ही नहीं बनाएंगे बल्कि विकसित भारत के सपने को साकार करने में भी महत्वपूर्ण योगदान देंगे। उन्होंने अपने सहयोगियों के विश्वास और साथ को अपनी सबसे बड़ी ताकत बताया और ‘जय श्रमशक्ति, जय राष्ट्रशक्ति’ का संदेश दिया।

