बिजनेस रेमेडीज/पुणे। बजाज फिनसर्व एसेट मैनेजमेंट लिमिटेड ने अपने नए डेट म्यूचुअल फंड प्रोडक्ट बजाज फिनसर्व लो ड्यूरेशन फंड के लॉन्च की घोषणा की है। यह एक ओपन-एंडेड लो ड्यूरेशन डेट स्कीम है, जिसे उन निवेशकों की जरूरतों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है जो पर्याप्त लिक्विडिटी के साथ अल्पकालिक आय और निवेश में सहजता चाहते हैं। इस फंड का न्यू फंड ऑफर (एनएफओ) 9 फरवरी 2026 को खुला है और 16 फरवरी 2026 को बंद होगा। बजाज फिनसर्व लो ड्यूरेशन फंड अपनी निवेश रणनीति के तहत मैकॉले ड्यूरेशन को 6 महीने से 12 महीने के दायरे में बनाए रखेगा, जिससे यह अल्पकालिक अवधि के लिए अधिशेष धनराशि निवेश करने वाले निवेशकों के लिए एक उपयुक्त विकल्प बनता है।
फंड के लॉन्च पर टिप्पणी करते हुए बजाज फिनसर्व एसेट मैनेजमेंट कंपनी के मुख्य निवेश अधिकारी (सीआईओ) निमेश चंदन ने कहा कि लो ड्यूरेशन फंड यील्ड कर्व के शॉर्ट एंड पर अपेक्षाकृत कम वोलैटिलिटी के साथ स्थिर रिटर्न चाहने वाले निवेशकों के लिए एक ऑल-वेदर समाधान प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि भले ही पॉलिसी रेट्स फिलहाल न्यूट्रल स्तर के करीब हैं, लेकिन व्यस्त क्रेडिट सीजन के कारण लिक्विडिटी सख्त बनी हुई है, जिसके चलते शॉर्ट-टर्म यील्ड्स ऊंचे स्तर पर हैं। यह स्थिति किसी मैक्रोइकनॉमिक तनाव की वजह से नहीं है।
निमेश चंदन के अनुसार, नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत के साथ बेहतर रेट ट्रांसमिशन और भारतीय रिज़र्व बैंक की संतुलित लिक्विडिटी सपोर्ट से मौजूदा दबाव में कमी आने की उम्मीद है। इससे निवेशकों के लिए एक्रूअल इनकम के साथ-साथ संभावित कैपिटल गेन के अवसर भी बन सकते हैं। उन्होंने आगे कहा कि बजाज फिनसर्व लो ड्यूरेशन फंड लिक्विडिटी और ड्यूरेशन का सक्रिय प्रबंधन करते हुए विभिन्न आर्थिक चक्रों में स्थिर और जोखिम-समायोजित रिटर्न देने का प्रयास करेगा, जिससे यह अल्पकालिक निवेश रणनीति अपनाने वाले निवेशकों के लिए एक भरोसेमंद विकल्प बन सके।

