Wednesday, August 12, 2026 |
Home Corporate Worldतमिलनाडु के मदुरई में 150 बेड की मल्टी स्पेशलिटी यूनिट संचालित करने वाली Hannah Joseph Hospital Limited का आईपीओ आज बंद होगा

तमिलनाडु के मदुरई में 150 बेड की मल्टी स्पेशलिटी यूनिट संचालित करने वाली Hannah Joseph Hospital Limited का आईपीओ आज बंद होगा

by Business Remedies
0 comments

बिजनेस रेमेडीज/जयपुर। तमिलनाडु के मदुरई में 150 बेड की क्षमता वाले मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल का संचालन करने वाली हेल्थकेयर सर्विस प्रदाता कंपनी हन्ना जोसेफ हॉस्पिटल लिमिटेड अपना प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) आज बीएसई एसएमई प्लेटफॉर्म पर खोल रही है, जो 27 जनवरी 2026 को बंद होगा। कंपनी इस आईपीओ के जरिए रेडिएशन ऑन्कोलॉजी सेंटर की स्थापना हेतु प्रस्तावित पूंजीगत व्यय के वित्तपोषण और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए धन जुटा रही है। बिजनेस रेमेडीज की टीम ने कंपनी के ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (डीआरएचपी) के आधार पर इसकी कारोबारी गतिविधियों, वित्तीय स्थिति और प्रबंधन अनुभव का विश्लेषण किया है।

कारोबारी गतिविधियां
मदुरई शहर में वर्ष 2008 में स्थापित और 2011 में निगमित, हन्ना जोसेफ हॉस्पिटल लिमिटेड 2 एकड़ के परिसर में एक मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल संचालित करती है, जिसकी कुल बिस्तर क्षमता 150 बेड है। कंपनी मुख्य रूप से न्यूरोलॉजी, कार्डियोलॉजी, मनोचिकित्सा, ऑर्थोपेडिक्स और ट्रॉमा केयर सेवाओं पर केंद्रित है। अस्पताल एनएबीएच मानकों का अनुपालन करता है और इसे एनएबीएल 128 प्रमाणन भी प्राप्त है।

30 नवंबर 2025 तक कंपनी के साथ 24 पूर्णकालिक कंसल्टेंट, 15 ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर, 25 गेस्ट डॉक्टर और लगभग 300 अन्य कर्मचारी—जिनमें नर्स, लैब तकनीशियन, थेरेपिस्ट, फार्मासिस्ट और प्रशासनिक स्टाफ शामिल हैं—कार्यरत हैं। इसके अतिरिक्त, कंपनी शैक्षणिक कार्यक्रम भी संचालित करती है, जिनमें पोस्ट एमडीएस एक वर्षीय फेलोशिप और न्यूरोसर्जरी में डीएनबी/एनबीई कार्यक्रम शामिल हैं। कंपनी वैश्विक चिकित्सा मानकों, रोगियों की अपेक्षाओं और मेडिकल प्रोफेशनल्स की जरूरतों को समझते हुए किफायती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने पर जोर देती है।

निवेश का औचित्य
कंपनी न्यूरोसाइंस में अपनी विशेषज्ञता और अत्याधुनिक तकनीक के उपयोग के लिए जानी जाती है। सटीक निदान के लिए नवीनतम न्यूरो-इमेजिंग और नेविगेशन सिस्टम के साथ जटिल मस्तिष्क और रीढ़ की सर्जरी, ट्यूमर उपचार और न्यूनतम चीर-फाड़ प्रक्रियाओं में इसकी मजबूत पकड़ है। वर्तमान में कंपनी मध्य और दक्षिणी तमिलनाडु की बड़ी आबादी को सेवाएं दे रही है।

आईपीओ से प्राप्त धनराशि से रेडिएशन थेरेपी और ऑन्कोलॉजिकल सेवाओं जैसी नई विशेषज्ञताओं में विस्तार किया जाएगा, जिससे कंपनी मस्तिष्क और रीढ़ की हड्डी के ट्यूमर का समग्र उपचार एक ही छत के नीचे उपलब्ध करा सकेगी। रेडिएशन और कीमोथेरेपी से गुजर रहे मरीजों के लिए इन-पेशेंट और आउट-पेशेंट सेवाओं से राजस्व में वृद्धि की संभावना है। मौजूदा अस्पताल परिसर से सटी नव-अधिग्रहित भूमि पर ऑन्कोलॉजी यूनिट स्थापित की जाएगी।

कंपनी राज्य सरकार की योजनाओं के तहत साझेदारी के माध्यम से सरकारी कर्मचारियों और पात्र गरीब परिवारों को स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रदान करती है। यह तमिलनाडु न्यू हेल्थ इंश्योरेंस स्कीम (टीएनएनएचआईएस) और मुख्यमंत्री व्यापक स्वास्थ्य बीमा योजना (सीएमएचआईएस) के तहत सूचीबद्ध है।

वित्तीय प्रदर्शन
वित्त वर्ष 2023 में कंपनी ने 54.6 करोड़ रुपये का राजस्व और 1 करोड़ रुपये का कर पश्चात शुद्ध लाभ अर्जित किया। वित्त वर्ष 2024 में राजस्व बढ़कर 63.4 करोड़ रुपये और शुद्ध लाभ 4.1 करोड़ रुपये रहा। वित्त वर्ष 2025 में कंपनी ने 77.5 करोड़ रुपये का राजस्व और 7.2 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया।

वित्त वर्ष 2026 में 30 सितंबर 2025 को समाप्त अवधि के लिए कंपनी ने 42.5 करोड़ रुपये का राजस्व और 5.1 करोड़ रुपये का कर पश्चात शुद्ध लाभ अर्जित किया, जिसमें शुद्ध लाभ मार्जिन लगभग 12 प्रतिशत रहा।

प्रवर्तकों का अनुभव
कंपनी के प्रमोटर, चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर 58 वर्षीय डॉ. मोसेसजोसेफ अरुणकुमार हैं। उन्होंने मद्रास विश्वविद्यालय से एमबीबीएस (1989) और डॉ. एम.जी.आर. मेडिकल यूनिवर्सिटी से न्यूरोसर्जरी में एमसीएच (1999) की डिग्री प्राप्त की है। इसके अलावा, उन्होंने 1999 में नेशनल बोर्ड, नई दिल्ली से न्यूरोसर्जरी में डीएनबी भी किया है।

 

डॉ. अरुणकुमार को 2019–20 में तमिलनाडु एसोसिएशन ऑफ न्यूरोलॉजिकल सर्जन्स (टीएएनएस) का अध्यक्ष चुना गया था। उन्हें विभिन्न प्रतिष्ठित मंचों से सर्वश्रेष्ठ डॉक्टर के पुरस्कार प्राप्त हुए हैं। इंडिया टुडे ग्रुप की “2024 के प्रख्यात दक्षिण चिकित्सक” सूची और आउटलुक की “2025 के सर्वश्रेष्ठ दक्षिण चिकित्सक” सूची में उन्हें न्यूरोसर्जरी श्रेणी में शामिल किया गया है। उन्हें चिकित्सा क्षेत्र में 25 वर्षों से अधिक का अनुभव है और कंपनी के समग्र प्रबंधन की जिम्मेदारी उन्हीं के पास है।

कंपनी की प्रमोटर और पूर्णकालिक निदेशक 54 वर्षीय डॉ. फेन कविता फेन अरुणकुमार हैं, जिनके पास मनोचिकित्सा में 22 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे कंपनी की नीतियों के क्रियान्वयन और व्यावसायिक रणनीतियों को दिशा देती हैं।

 

 

इसके अलावा, 29 वर्षीय अरुणकुमार नलिना और 24 वर्षीय नोयल अरुणकुमार कंपनी के गैर-कार्यकारी निदेशक हैं, जो मेडिकल क्षेत्र में शिक्षा और प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।

आईपीओ का विवरण
हन्ना जोसेफ हॉस्पिटल लिमिटेड का आईपीओ आज खुलकर 27 जनवरी 2026 को बंद होगा। कंपनी बुक बिल्डिंग इश्यू के तहत 10 रुपये फेस वैल्यू के 60 लाख शेयर 67 से 70 रुपये प्रति शेयर के प्राइस बैंड में जारी कर लगभग 42 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है। आईपीओ का मार्केट लॉट साइज 2,000 शेयर है और रिटेल निवेशकों को न्यूनतम 2 लॉट के लिए आवेदन करना होगा। इस इश्यू का प्रबंधन कैपिटल स्क्वेयर एडवाइजर्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है।

नोट: यह लेख केवल सूचना के उद्देश्य से है, इसे निवेश सलाह के रूप में न माना जाए।



You may also like

Leave a Comment