भारत में हर साल की भांति इस वर्ष भी आज स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास से मनाया जाएगा। इसी दिन 15 अगस्त, 1947 को भारत अंग्रेजों की गुलामी से आजाद हुआ था। देशवासी 79वें स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों, दफ्तरों, सार्वजनिक स्थल, स्कूल, कॉलेज और सरकारी भवनों आदि जगहों पर स्वतंत्रता का जश्न मनाएंगे। दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल किले से राष्ट्रध्वज फहराएंगे। राजस्थान में मुख्य समारोह इस वर्ष जोधपुर में होगा, जहां मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा झंडा फहराएंगे। स्वतंत्रता दिवस के तौर पर 15 अगस्त का दिन सिर्फ कोई छुट्टी मनाने का मौका नहीं है। यह हमें बलिदान की बिरासत और आजाद होने की कीमत की याद भी दिलाता है। यह दिन मनाना हमारे राष्ट्र के प्रति कृतज्ञता दिखाने का भी एक अवसर है। स्वतंत्रता दिवस के दिन भाषण के जरिए हमारे महान नायकों का सम्मान भी किया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस हमें ब्रिटिश शासन के 200 वर्षों के बाद मिली आजादी और उन शहीदों की याद दिलाता है, जिन्होंने देश की खातिर अपना बलिदान दे दिया। यह दिन आपकी मातृभूमि के प्रति आपके प्यार और गौरव को दर्शाता है। इस दिन हम स्वतंत्रता सेनानियों और हमारे जवानों के बलिदान को याद करते हुए उन्हें अपने विचार समर्पित करते हैं।15 अगस्त का दिन राष्ट्र के प्रति नागरिकों के कर्तव्यों की भी याद दिलाता है। हमें देश के प्रति कर्तव्यनिष्ठ, ईमानदार और सजग नागरिक बनने की जरूरत की ओर प्रेरित करता है। साथ ही हिंसा, असमानता, भ्रष्टाचार और अशिक्षा से लडऩे की जरूरत पर बल देता है। 15 अगस्त का दिन सभी नागरिकों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। यह दिन हमें यह बात याद दिलाता है कि हमारी स्वतंत्रता अनेक बलिदानों की देन है। स्वतंत्रता दिवस के दिन हर नागरिक को देश की एकता, अखंडता और गौरव की रक्षा का संकल्प लेना चाहिए।

