बिजनेस रेमेडीज/जयपुर। मुंबई आधारित ‘रेपोनो लिमिटेड’ ऑयल एवं पेट्रोकेमिकल क्षेत्र में स्टोरेज सॉल्यूशन देने वाली प्रमुख वेयरहाउसिंग और लॉजिस्टिक्स कंपनी है। कंपनी द्वारा फोर्कलिफ्ट, हैंड पैलेट ट्रॉली, रीच स्टेकर की खरीद हेतु पूंजीगत व्यय के वित्तपोषण, वेयरहाउस रैकिंग सिस्टम की स्थापना हेतु कंपनी की पूंजीगत व्यय आवश्यकताओं के वित्तपोषण, वेयरहाउस प्रबंधन हेतु सॉफ्टवेयर के विकास हेतु वित्तपोषण, कंपनी की कार्यशील पूंजी आवश्यकताओं के वित्तपोषण और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों की पूर्ति हेतु बीएसई एसएमई प्लेटफार्म पर आईपीओ लाया जा रहा है। कंपनी का आईपीओ आज खुलकर ३० जुलाई को बंद होगा।
कारोबारी गतिविधियां: 2017 में निगमित, रेपोनो लिमिटेड भारत में एक वेयरहाउसिंग और लॉजिस्टिक्स कंपनी है, जो ऑयल और पेट्रोकेमिकल क्षेत्रों के लिए स्टोरेज सॉल्यूशन देने में विशेषज्ञता रखती है। कंपनी पेट्रोकेमिकल्स, ऑयल एवं गैस, ल्यूब ऑयल और विशेष रसायनों जैसे उद्योगों को वेयरहाउसिंग, द्वितीयक परिवहन और लॉजिस्टिक्स सहायता सहित सेवाओं की एक विस्तृत श्रृंखला प्रदान करती है।
वित्तीय प्रदर्शन: वित्त वर्ष 2023 में कंपनी ने परिचालन से 13.01 करोड़ रुपए का राजस्व और 0.52 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ, वित्त वर्ष 2024 में कंपनी ने परिचालन से 34 करोड़ रुपए का राजस्व और 4.18 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ और वित्त वर्ष 2025 में कंपनी ने परिचालन से ५१.११ करोड़ रुपए का राजस्व और 5.1५ करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ अर्जित किया है। वित्तीय परिणामों से स्पष्ट है कि कंपनी साल दर साल अच्छे वित्तीय परिणाम प्रस्तुत कर रही है। वित्त वर्ष 2025 में कंपनी ने 10.07 फीसदी का कर पश्चात शुद्ध लाभ मार्जिन अर्जित किया है। वित्त वर्ष 2025 में तक कंपनी की असेट 25.87 करोड़ रुपए, नेटवर्थ 14.22 करोड़ रुपए, रिजर्व एवं सरप्लस 6.72 करोड़ रुपए और कुल कर्ज 6.13 करोड़ रुपए रहा। कंपनी का कर्ज इक्विटी रेश्यो 0.43 गुना का है। इस आधार पर कह सकते हैं कि कंपनी पर कर्ज भार सामान्य है।
आईपीओ के संबंध में जानकारी: ‘रेपोनो लिमिटेड’ का आईपीओ बीएसई एसएमई प्लेटफार्म पर आज खुलकर 30 जुलाई 2025 को बंद होगा। कंपनी द्वारा बुक बिल्ट इश्यू प्रणाली से 10 रुपए फेसवैल्यू के 27,79,200 शेयर 91 से 96 रुपए प्रति शेयर के भाव पर जारी कर 26.68 करोड़ रुपए जुटाए जा रहे हैं। आईपीओ का मार्केट लॉट साइज 1200 शेयरों का है। आईपीओ का प्रबंधन प्रमुख लीड मैनेजर कंपनी वेल्थ माइन नेटवर्क्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है।
नोट: यह लेख निवेश सलाह नहीं है।

