बिजनेस रेमेडीज/जयपुर। कर्नाटक के बेंगलुरु आधारित ‘सीडर टेक्सटाइल लिमिटेड’ विभिन्न प्रकार के यार्न निर्माण में माहिर कंपनी है। कंपनी द्वारा ग्रिड-टाईड सोलर पीवी रूफटॉप सिस्टम की स्थापना, मशीनों के आधुनिकीकरण पर निवेश, कार्यशील पूंजी आवश्यकताओं और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों की पूर्ति हेतु एनएसई इमर्ज प्लेटफार्म पर आईपीओ लाया जा रहा है। बिजनेस रेमेडीज की टीम ने कंपनी के प्रोस्पेक्ट्स से कंपनी की कारोबारी गतिविधियों के संबंध में जानकारी हासिल की है।
कारोबारी गतिविधियां: सितंबर 2020 में निगमित, सीडर टेक्सटाइल लिमिटेड विविध यार्न के निर्माण में माहिर है। कंपनी घरेलू वस्त्रों, बुने हुए सामान और होजरी के लिए गुणवत्तापूर्ण मेलेंज यार्न बनाती है। सीडर टेक्सटाइल के ग्राहकों में घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय दोनों बाजारों में शीर्ष-स्तरीय ग्राहक शामिल हैं, जो प्रसिद्ध फैशन ब्रांडों को वस्त्र आपूर्ति करते हैं। कंपनी की उत्पादन प्रक्रिया कच्चे माल की खरीद से शुरू होती है, जिसे फिर कपास, पॉलिएस्टर, विस्कोस, ऐक्रेलिक और अन्य जैसे विभिन्न रेशों को मिलाकर संसाधित किया जाता है।
सीडर टेक्सटाइल विभिन्न प्रकार के यार्न बनाती है, जिनमें शामिल हैं:
मेलेंज यार्न- मेलेंज यार्न अलग-अलग फाइबर और रंगों का मिश्रण है , जिससे अनूठी बनावट बनती है। सॉलिड टॉप-डाईड यार्न- यह प्रीमियम परिधान के लिए जीवंत रंगों के साथ उच्च गुणवत्ता वाले यार्न हैं। ग्रे फैंसी यार्न- यह विशेष यार्न है जो कपड़ों में बनावट और डिज़ाइन विविधता जोड़ते हैं। जून, 01, 2025 तक कंपनी के पास 583 कर्मचारी कार्यरत थे, जिनमें से सभी पेरोल पर हैं।
प्रवर्तकों का अनुभव
52 वर्षीय राजेश मित्तल कंपनी के प्रबंध निदेशक हैं। उन्होंने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री प्राप्त की है। इसके अलावा उन्होंने इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय से मार्केटिंग में एमबीए किया है। उनके पास 1996 से 2004 तक वर्धमान टेक्सटाइल्स लिमिटेड, 2005 से 2017 तक उद्यमिता और 2018 से अब तक एमआर फैब्रिक्स एंड अपैरल्स में 28 वर्षों से अधिक का अनुभव है, जिसमें फाइबर, यार्न, फैब्रिक्स और परिधान शामिल हैं। वे मार्केटिंग, नए व्यवसाय विकास और महत्वपूर्ण निर्णय लेने में प्रबंधकीय भूमिका निभाकर कंपनी में योगदान देते हैं। वे कंपनी के गठन के समय से ही इसके बोर्ड में हैं और कंपनी को रणनीतिक मार्गदर्शन और दिशा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
61 वर्षीय वीरेंद्र गोयल 2020 से कंपनी के निदेशक हैं। उन्होंने महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय से बी.टेक (टेक्सटाइल केमिस्ट्री) की डिग्री प्राप्त की है और इंजीनियरिंग, परियोजना प्रबंधन और व्यवसाय रणनीति में 33 वर्षों का अनुभव रखते हैं। उन्होंने बड़ी फर्मों में पर्यवेक्षक से लेकर प्रबंध निदेशक तक का सफर तय किया है और सभी परियोजना चरणों में व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया है। उन्होंने एपिक गु्रप और मारल ओवरसीज जैसी प्रमुख कंपनियों में नेतृत्व की भूमिकाएँ निभाई हैं। कंपनी के कार्यकारी निदेशक के रूप में अपनी वर्तमान स्थिति में, वे उत्पादन, वित्त और प्रौद्योगिकी सहित प्रमुख परिचालन क्षेत्रों की देखरेख करते हैं, जिससे संगठन के भीतर सुचारू संचालन और प्रभावी निर्णय लेना सुनिश्चित होता है।
61 वर्षीय प्रवर्तक बचंगदा नाचप्पा मोनप्पा 2020 से कंपनी के गैर-कार्यकारी निदेशक हैं। 30 वर्षों के उद्यमशीलता अनुभव के साथ, उन्होंने कंपनी के अभिनव विनिर्माण दृष्टिकोणों के लिए प्रतिबद्धता दिखाई। उन्होंने 1995 में कॉटन वल्र्ड की स्थापना की, जो बच्चों के कपड़ों में विशेषज्ञता रखती है। उनकी खूबियों में परिधान उत्पादन, उत्पाद विकास और वित्तीय प्रबंधन शामिल हैं। वे कंपनी के प्रमुख निर्णयों, वित्तीय प्रबंधन और भविष्य के विस्तार में सक्रिय रूप से भाग लेते हैं।
60 वर्षीया बचंगदा मोनप्पा सरस्वती को 2020 में कंपनी की निदेशिका नियुक्त किया गया है और उनके पास 25 से अधिक वर्षों का अनुभव है। वे कंपनी के मानव संसाधन और व्यक्तिगत मामलों, कंपनी स्तर पर प्रशासन में सक्रिय रूप से शामिल रही हैं। वे कर्मचारियों और श्रमिकों से संबंधित विभिन्न कल्याणकारी गतिविधियों में भी शामिल हैं।
वित्तीय प्रदर्शन: वित्त वर्ष 2022 में कंपनी ने 220.44 करोड़ रुपए का राजस्व और 7.99 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ, वित्त वर्ष 2023 में कंपनी ने 161.88 करोड़ रुपए का राजस्व और 4.59 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ, वित्त वर्ष 2024 में कंपनी ने 191.01 करोड़ रुपए का राजस्व और 11.05 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ और वित्त वर्ष 2025 में 31 दिसंबर 2024 तक कंपनी ने 113.91 करोड़ रुपए का राजस्व और 7.06 करोड़ रुपए का कर पश्चात शुद्ध लाभ अर्जित किया है।
वित्तीय परिणामों से स्पष्ट है कि कंपनी साल दर साल अच्छे वित्तीय परिणाम प्रस्तुत कर रही है। वित्त वर्ष 2025 में 31 दिसंबर 2024 तक कंपनी ने 5.07 फीसदी का कर पश्चात शुद्ध लाभ मार्जिन अर्जित किया है। वित्त वर्ष 2025 में 31 दिसंबर 2024 तक कंपनी की असेट 222.77 करोड़ रुपए, नेटवर्थ 60.70 करोड़ रुपए और रिजर्व एवं सरप्लस 51.17 करोड़ रुपए है।
आईपीओ के संबंध में जानकारी: ‘सीडर टेक्सटाइल लिमिटेड’ का आईपीओ एनएसई इमर्ज प्लेटफार्म पर 30 जून को खुलकर 2 जुलाई 2025 को बंद होगा। कंपनी द्वारा बुक बिल्ट इश्यू प्रणाली से 10 रुपए फेसवैल्यू के 43,50,000 शेयर 130 से 140 रुपए प्रति शेयर के भाव पर जारी कर 60.90 करोड़ रुपए जुटाए जा रहे हैं। आईपीओ का मार्केट लॉट साइज 1000 शेयरों का है। आईपीओ का प्रबंधन प्रमुख लीड मैनेजर कंपनी फास्ट ट्रैक फिनसेक प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है।
नोट: यह लेख निवेश सलाह नहीं है।

