केंद्र सरकार ने पिछले दिनों १५ अगस्त से देशभर में फास्टैग एनुअल पास की व्यवस्था शुरू करने का ऐलान कर हाईवे पर सफर करने वाले यात्रियों को सुविधा प्रदान कर खुश खबर दी है। यह सरकार की अच्छी पहल कही जा सकती है। इस पास की कीमत 3000 रुपए तय की गई है और इससे एक साल या 200 ट्रिप जो भी पहले पूरी हो जाए, तब तक बिना हर बार टोल टैक्स भरे सफर कर सकते हैं। इस नए फीचर से ना सिर्फ बार-बार टोल भरने की परेशानी से राहत, बल्कि टोल प्लाजा पर लगने वाली भीड़, पेमेंट में देरी, वेटिंग टाइम, लेन विवाद और जाम जैसी समस्याओं को भी काफी हद तक कम करने में मदद मिलेगी। साथ ही 60 किलोमीटर के अंदर दो टोल होने जैसी शिकायतों का समाधान भी मिलेगा, क्योंकि एक सिंगल पास से हर टोल पार हो सकेगा। केंद्र सरकार की ओर से किए जा रहे यह ऐलान आम लोगों की सुविधा के लिए बेहतर कहे जा सकते हैं। इस पास के साथ टोल प्लाजा पर बार-बार रुकने और भुगतान करने की जरूरत नहीं होगी। इसके अलावा टोल प्लाजा पर भीड़-भाड़ और लंबी कतारों से बच सकते हैं। अगर पास है तो करीब सात हजार रुपए तक की बचत कर सकते हैं, जो कि दो सौ ट्रिप के लिए टोल टैक्स के रूप में देना पड़ता है। साठ किलोमीटर के दायरे में पडऩे वाले दो टोल प्लाजाओं को लेकर देश में जो परेशानी चल रही है, उसका भी इससे समाधान हो सकेगा। इस पास के जरिए अपने वाहन में फास्टैग का उपयोग करके टोल प्लाजा पर आसानी से गुजर सकेंगे। यह पास केवल निजी वाहनों के लिए ही मान्य है। व्यावसायिक वाहनों के लिए यह सुविधा नहीं मिल पाएगी। यह पास की व्यवस्था राष्ट्रीय राजमार्ग और राष्ट्रीय एक्सप्रेसवे पर स्थित टोल प्लाजा पर ही मान्य हो सकेगा।

