Home » राज-काज की बात: भार्गव का रिकॉर्ड कोई नहीं तोड़ पाया

राज-काज की बात: भार्गव का रिकॉर्ड कोई नहीं तोड़ पाया

by Business Remedies
0 comment

जयपुर लोकसभा सीट से 6 बार लगातार सांसद बनने का रिकॉर्ड केवल गिरधारी लाल भार्गव के नाम ही दर्ज है। इनसे पहले लगातार तीन बार सांसद बनने का रिकॉर्ड जयपुर रियासत की पूर्व राजमाता रहीं गायत्री देवी के नाम रहा। गायत्री देवी वर्ष 1962 से वर्ष 1971 तक तीन बार स्वतंत्र पार्टी के चिन्ह पर जयपुर की सांसद चुनी गई।
गिरधारी लाल भार्गव ने पहली बार वर्ष 1989 में लोकसभा का चुनाव लडक़र जयपुर रियासत के पूर्व महाराजा ब्रिगेडियर भवानी सिंह को हराया। भवानी सिंह कांग्रेस से और भार्गव भाजपा से प्रत्याशी थे। भार्गव ने वर्ष 1989, 1991, 1996, 1998 और 1999, 2004 का लोकसभा चुनाव भाजपा के टिकट पर जीता और सांसद रहते ही उनका निधन होने के बाद इस सीट पर कांग्रेस के महेश जोशी चुनाव जीते।
जयपुर सीट से लगातार दो बार सांसद बनने का रिकॉर्ड अभी तक भाजपा के सतीश चंद्र अग्रवाल और रामचरण बोहरा के नाम है, जबकि निर्दलीय सांसद बनने का रिकॉर्ड वर्ष 1957 में हरिश्चंद्र शर्मा के नाम है। जयपुर के प्रथम सांसद के रूप में दौलत मल भंडारी कांग्रेस को जाना जाता है। वे वर्ष 1952 में जयपुर से लोकसभा सीट के पहले सांसद चुने गए। सतीश चंद्र अग्रवाल वर्ष 1977 में जनता पार्टी के टिकट पर और 1980 में भाजपा टिकट पर सांसद चुने गए। वर्ष 1985 के चुनाव में कांग्रेस के पंडित नवल किशोर शर्मा ने सतीश चंद्र अग्रवाल को हरा दिया था। सतीश चंद्र अग्रवाल और नवल किशोर शर्मा जयपुर के सांसद होते हुए केन्द्र में मंत्री भी बने। महेश जोशी वर्ष 2009 में कांग्रेस से जयपुर के सांसद बने। जयपुर सीट पर अभी तक कांग्रेस को केवल तीन बार ही विजय मिली है। जयपुर लोकसभा सीट के लिए वर्ष 2014 के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी रामचरण बोहरा ने 8,63,358 मत लेकर 66.47 प्रतिशत वोट लिए, जबकि कांग्रेस के महेश जोशी को 3,24,013 वोट यानी 24.94 प्रतिशत वोट ही मिले। वर्ष 2019 के चुनाव में बोहरा को 9,24,065 यानी 63.47 प्रतिशत वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी ज्योति खंडेलवाल को 4,93,439 यानी 33.88 प्रतिशत वोट मिले। बोहरा की विजय इस चुनाव में 4,30,626 वोटों की रही। बोहरा ने वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में पहली बार चुनाव लडक़र कांग्रेस के महेश जोशी को 5,39,345 वोट के अंतर से हराया था। कुल मिलाकर जयपुर लोकसभा सीट कांग्रेस के लिए सबसे ज्यादा चुनौती वाली रही है।
उमेन्द्र दाधीच
@बिज़नेस रेमेडीज

You may also like

Leave a Comment

Voice of Trade and Development

Copyright @2023  All Right Reserved – Developed by IJS INFOTECH