Friday, December 5, 2025 |
Home » भारत अपने ढंग से करेगा ऊर्जा उपयोग के तौर-तरीकों में बदलाव, पूरी जिम्मेदारी के साथ बढ़ेगा आगे : प्रधान

भारत अपने ढंग से करेगा ऊर्जा उपयोग के तौर-तरीकों में बदलाव, पूरी जिम्मेदारी के साथ बढ़ेगा आगे : प्रधान

by Business Remedies
0 comments

नई दिल्ली। भारत ऊर्जा उपयोग में बदलावों को अपने ढंग से करेगा और ऐसा करते हुए वह पूरी जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ेगा। आने वाले दशकों में वैश्विक ऊर्जा मांग में भारत की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने यह बात कही।
पूरी दुनिया कार्बन उत्सर्जन बढऩे से पर्यावरण को हो रहे नुकसान को लेकर चिंतित है। इसे कम करने के लिए कई देश नवीकरणीय बिजली और इलेक्ट्रिक वाहन जैसे पर्यावरण अनुकूल विकल्पों पर जोर दे रहे हैं। प्रधान ने कहा कि अमेरिका और चीन के बाद भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा ऊर्जा उपभोक्ता देश है। उन्होंने कहा कि हालांकि, भारत में प्रति व्यक्ति ऊर्जा खपत वैश्विक औसत का सिर्फ एक तिहाई ही है। इससे यह महत्वपूर्ण हो जाता है कि सभी के लिए उचित मात्रा में ऊर्जा उपलब्धता सुनिश्चित हो। इससे तात्पर्य है कि सभी के लिए सस्ती और टिकाऊ ऊर्जा तक पहुंच होनी चाहिए। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ऊर्जा की भारी जरूरत और वृद्धि क्षमता को देखते हुए आगामी दशकों में भारत की वैश्विक ऊर्जा मांग में प्रमुख स्थिति होगी। उन्होंने कहा ऊर्जा की भारी मांग को पूरा करने के लिए भारत को विभिन्न ऊर्जा स्त्रोतों की जरूरत होगी। ये स्त्रोत वाणिज्यिक रूप से व्यवहारिक होने चाहिए। कोई भी एक स्त्रोत ऊर्जा की मांग को पूरा नहीं कर सकता है। प्रधान ने कहा कि भारत ऊर्जा साधनों के उपयोग में बदलाव लाने के बारे में अपने हिसाब से आगे बढ़ेगा।



You may also like

Leave a Comment