Saturday, December 6, 2025 |
Home » देश का निर्यात जून में 9.71 प्रतिशत घटकर 25.01 अरब डॉलर रहा

देश का निर्यात जून में 9.71 प्रतिशत घटकर 25.01 अरब डॉलर रहा

by Business Remedies
0 comments

नई दिल्ली।  देश के निर्यात में इस साल जून महीने में आठ महीने बाद पहली बार गिरावट दर्ज की गयी है। रत्न और आभूषण, इंजीनियरिंग वस्तुओं तथा पेट्रोलियम उत्पादों का निर्यात कम होने से देश का कुल निर्यात जून 2019 में 9.71 प्रतिशत घटकर 25.01 अरब डॉलर रहा।

आधिकारिक आंकड़े के अनुसार एक साल पहले इसी महीने में यह 27.7 अरब डॉलर था। आयात भी इस साल जून में 9 प्रतिशत घटकर 40.29 अरब डॉलर रहा जो इससे पूर्व वर्ष 2018 के इसी महीने में 44.3 अरब डॉलर था। इससे व्यापार घाटा 15.28 अरब डॉलर रहा। पिछले साल जून महीने में व्यापार घाटा 16.6 अरब डालर था। पिछली बार सितंबर 2018 में निर्यात में 2.15 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गयी थी। रत्न और आभूषण, इंजीनियरिंग वस्तुओं, पेट्रोलियम उत्पाद, प्लास्टिक, हस्तशिल्प, तैयार (रेडिमेड) परिधान, रसायन, चमड़ा और समुद्री उत्पादों, आयल मील और तिलहन के निर्यात में कमी से कुल निर्यात में गिरावट दर्ज की गयी। आंकड़ों पर अपने विचार रखते हुए वाणिज्य सचिव अनूप वाधवान ने कहा, ”जून महीने में निर्यात में गिरावट का बड़ा कारण पिछले साल जून महीने में तुलनात्मक आधार अत्यधिक मजबूत होना है।ÓÓ उन्होंने कहा कि कुछ वैश्विक प्रवृत्तियों के कारण भी निर्यात में गिरावट दर्ज की गयी। सचिव ने  कहा कि विश्वबैंक ने अपनी वैश्विक आर्थिक संभावना (जून 2019) में 2019 में वैश्विक व्यापार के कमजोर रहने का अनुमान जताया है। वैश्विक व्यापार में इस साल 2.6 प्रतिशत की दर से वृद्धि का अनुमान है। यह पिछले अनुमान के मुकाबले एक प्रतिशत अंक कम है। दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में भी हाल के महीनों में निर्यात में गिरावट दर्ज की गयी। डब्ल्यूटीओ के आंकड़े के अनुसार जापान, यूरोपीय संघ और चीन के निर्यात में अप्रैल में क्रमश: 5.88 प्रतिशत, 4.30 प्रतिशत तथा 2.75 प्रतिशत की गिरावट आयी है। अप्रैल में अमेरिका का निर्यात भी 2.12 प्रतिशत कम हुआ।तेल एवं गैर-तेल आयात क्रमश: 13.33 प्रतिशत घटकर 11 अरब डालर और 7.34 प्रतिशत कम होकर 29.26 अरब डालर रहा। इस साल अप्रैल-जून के दौरान निर्यात 1.69 प्रतिशत घटकर 81 अरब डालर रहा जबकि आयात 0.29 प्रतिशत घटकर 127 अरब डालर रहा। इससे इस दौरान व्यापार घाटा कम होकर 45 अरब डालर रहा जो इससे पूर्व अप्रैल-जून 2018 में 46 अरब डालर था। सोने का आयात जून महीने में 13 प्रतिशत बढ़कर 2.7 अरब डालर रहा।



You may also like

Leave a Comment