Friday, April 18, 2025 |
Home » न्यू इंडिया के निर्माण वाला है बजट

न्यू इंडिया के निर्माण वाला है बजट

by Business Remedies
0 comments

 

नई दिल्ली। बजट भाषण के बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि वित्त मंत्री और उनकी पूरी टीम को बहुत-बहुत बधाई। ये देश को समृद्ध और जन-जन को समर्थ बनाने वाला बजट है। इस बजट से गरीब को बल मिलेगा और युवा को बेहतर कल मिलेगा। इस बजट के माध्यम से मध्यम वर्ग को प्रगति मिलेगी। विकास की रफ्तार को गति मिलेगी। इस बजट से टैक्स व्यवस्था में सरलीकरण होगा, इन्फ्रास्ट्रक्चर का आधुनिकीकरण होगा। बजट में भावी पीढी की चिंता की गई है। यह न्यू इंडिया के निर्माण वाला बजट है। 2022 के संकल्पों को पूरा करनेवाला बजट है। ये देश के लिए ड्रीम बजट है, इससे व्यापार मजबूत होगा। गांव और गरीब का कल्याण होगा। पीएम मोदी ने कहा कि  ये बजट उद्यम और उद्यमों को मजबूत बनाएगा, देश में महिलाओं की भागीदारी को और बढ़ाएगा। सरकार ने गरीब-किसान-दलित-पीडि़त-शोषित-वंचित को सशक्त करने के लिए चौतरफा कदम उठाए। अब अगले 5 वर्षों में यही सशक्तीकरण उन्हें देश के विकास का पावर हाउस बनाएगा। 5 ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी के सपने को पूरा करने की ऊर्जा, देश को इसी पावर हाउस से मिलेगी। पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज लोगों के जीवन में नई आकांक्षाएं और अपेक्षाएं हैं। ये बजट देश को विश्वास दे रहा है कि इन्हें पूरा किया जा रहा है। ये विश्वास दे रहा है कि दिशा सही है, प्रोसेस ठीक है, गति सही है इसलिए लक्ष्य तक पहुंचना तय है।

कांग्रेस ने कहा- बजट कुछ भी नया नहीं 

कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि इस बजट में कुछ भी नया नहीं है। पुराने वादों को दोहराया गया है। वे न्यू इंडिया की बात कर रहे हैं, लेकिन बजट नई बॉटल में पुरानी वाइन की तरह है। कुछ भी नया नहीं है। रोजगार के लिए कोई योजना नहीं है। इसमें नई पहल नहीं दिखती है।

कांग्रेस नेता शशि थरूर ने कहा कि इस बजट में आम आदमी के लिए कुछ भी नहीं है। अब वह पेट्रोल और डीजल पर 2 रुपए ज्यादा चुकाएगा।

राजनाथ ने कहा- हर वर्ग का ख्याल रखा गया

रक्षा मंत्री, राजनाथ सिंह ने कहा कि यह बजट देश में सामाजिक-आर्थिक बदलाव लाने वाला है। भारत को 5 ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी बनाने में मदद करेगा। इसमें पिछड़े और गरीब समेत समाज के हर वर्ग का ख्याल रखा गया है। उधर, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि यह बजट गांव, गरीब और किसान की स्थिति को बदलने वाला है। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी बजट को आम लोगों के लिए बताया।

 



You may also like

Leave a Comment

Copyright @ Singhvi publication Pvt Ltd. | All right reserved – Developed by IJS INFOTECH