नई दिल्ली। अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) ने 2019 के लिए भारत के ग्रोथ अनुमान में बढ़ोतरी की है। अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक 2019 के दौरान भारत की जीडीपी ग्रोथ 7.5 प्रतिशत रह सकती है, इससे पहले 7.4 प्रतिशत ग्रोथ का अनुमान था।
हालांकि आईएमएफ ने 2020 के लिए भारत की ग्रोथ के अनुमान में कोई बदलाव नहीं किया है और 2020 में जीडीपी ग्रोथ 7.7 प्रतिशत रहने का अनुमान लगाया है। अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष के आंकड़ों के मुताबिक भारत दुनिया में सबसे ज्यादा तेजी से बढऩे वाली प्रमुख अर्थव्यवस्था बना रहेगा, 2019 में चीन की जीडीपी ग्रोथ 6.2 प्रतिशत और 2020 में भी 6.2 प्रतिशत बने रहने का अनुमान लगाया गया है।हालांकि भारत की जीडीपी ग्रोथ बढऩे के बावजूद वैश्विक ग्रोथ में धीमेपन की आशंका जताई जा रही है, अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष के मुताबिक 2019 में वैश्विक ग्रोथ 3.5 प्रतिशत और 2020 में 3.6 प्रतिशत रहने का अनुमान है, इससे पहले अक्टूबर 2018 में जारी अपनी रिपोर्ट में अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष ने 2019 में वैश्विक ग्रोथ 3.7 और 2020 में भी 3.7 प्रतिशत रहने का अनुमान लगाया था।
चुनाव से ठीक पहले भारत की ग्रोथ के अनुमान में बढ़ोतरी मोदी सरकार के लिए अच्छी खबर हो सकती है, चुनाव में जाने से पहले सरकार अपनी उपलब्धियां गिना रही है और ग्रोथ में बढ़ोतरी सरकार के लिए एक और उपलब्धि है।
