बिजनेस रेमेडीज/पंतनगर। हिंदुजा समूह की भारतीय प्रमुख कंपनी और देश के अग्रणी कमर्शियल वाहन निर्माता अशोक लेलैंड ने 3 मिलियन वाहनों के प्रोडक्शन का आंकड़ा हासिल कर लिया है। उत्तराखंड के पंतनगर में कंपनी की अत्याधुनिक मैन्युफेक्चरिंग फेसिलिटी से 3 मिलियनवां वाहन जारी किया गया। कंपनी की इस महत्वपूर्ण उपलब्धि को यादगार बनाने के लिए पंतनगर प्लांट में एक शानदार समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कंपनी ने कहा कि यह महत्वपूर्ण उपलब्धि दरअसल इनोवेशन और नई टैक्नोलॉजी को अपनाने के प्रति अशोक लेलैंड की प्रतिबद्धता और ग्राहकों के साथ कंपनी के मजबूत संबंधों के कारण संभव हुई है।अशोक लेलैंड भारतीय और अंतरराष्ट्रीय वाणिज्यिक वाहन क्षेत्र में अग्रणी प्रौद्योगिकी के साथ एक प्रेरक शक्ति रही है। लाखों यात्री प्रतिदिन अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए अशोक लेलैंड की बसों पर निर्भर रहते हैं, जबकि ब्रांड के ट्रक अर्थव्यवस्था के पहियों को चालू रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अशोक लेलैंड के एमडी और सीईओ शेनु अग्रवाल ने कहा, ‘‘हमें इस महत्वपूर्ण उपलब्धि को हासिल करने पर गर्व है। अशोक लेलैंड हमेशा से इनोवेशन और नई टैक्नोलॉजी के मामले में आगे रहा है और इस क्षेत्र में कमर्शियल वाहन उद्योग का नेतृत्व कर रहा है।
हमारे प्लांट से 3 मिलियन वाहनों का प्रोडक्शन होना दरअसल अत्यधिक विश्वसनीय उत्पादों के निर्माण और उच्चतम ग्राहक सेवा प्रदान करने के लिए हमारी स्थापित प्रतिष्ठा का एक प्रमाण है। हम अपने कर्मचारियों, ग्राहकों और सभी व्यावसायिक भागीदारों को हार्दिक धन्यवाद देते हैं जिन्होंने हमारी सफलता में बहुत योगदान दिया है।’’अशोक लेलैंड के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर गणेश मणि ने कहा, ‘‘यह वास्तव में अशोक लेलैंड के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। हमारे कारखाने से 3 मिलियनवें वाहन का उत्पादन हमारे आपूर्तिकर्ता और प्रौद्योगिकी भागीदारों सहित हमारी कई टीमों द्वारा किए गए संयुक्त प्रयासों को साबित करता है। यह कमर्शियल मोबिलिटी की उभरती मांगों को पूरा करने के लिए तैयार किए गए उच्च गुणवत्ता वाले उत्पाद और सेवाएं प्रदान करने की हमारी प्रतिबद्धता को भी मजबूत करता है।’’
