जयपुर/एजेंसी। जयपुर से कोलकाता और अहमदाबाद जाने वाले लोगों को अगस्त माह में परेशानी का सामना करना पड़ेगा। क्योंकि इन जगह के लिए जाने वाली दो फ्लाइट्स को 31 अगस्त तक रद्द कर दिया गया है। फिलहाल यह दोनों फ्लाइट्स पिछले एक सप्ताह से रद्द चल रही हैं। ये दोनों ही फ्लाइट्स इंडिगो एयरलाइन की हैं। दरअसल पिछले दिनों इंडिगो के कई विमानों में तकनीकी खराबी हो गई थी। इसके चलते इंडिगो ने जयपुर से दो फ्लाइट्स को रद्द किया था। प्रारंभ में एयरलाइन प्रबंधन एक-एक कर फ्लाइट रद्द करने की घोषणा कर रहा था। लेकिन अब एयरलाइन ने इन दोनों फ्लाइट्स को 31 अगस्त तक के लिए रद्द कर दिया है।
इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6ई-238 सुबह 7:40 बजे कोलकाता से जयपुर आती है। इसके बाद जयपुर से सुबह 8:10 बजे अहमदाबाद जाती है। इसी तरह फ्लाइट संख्या 6ई-237 को भी रद्द कर दिया गया है। यह फ्लाइट शाम 8:15 बजे अहमदाबाद से जयपुर आती है। और रात में 8:50 बजे कोलकाता जाती है। लेकिन अब ये दोनों फ्लाइट्स 1 सितंबर से पुन: संचालित की जाएगी।
